1. Hindi News
  2. बिहार
  3. लालू की पार्टी में बढ़ा बवाल, RJD के बिहार अध्यक्ष जगदानंद सिंह पार्टी से नाराज!

लालू की पार्टी में बढ़ा बवाल, RJD के बिहार अध्यक्ष जगदानंद सिंह पार्टी से नाराज!

 Reported By: IANS
 Published : Aug 16, 2021 12:59 pm IST,  Updated : Aug 16, 2021 12:59 pm IST

बिहार में मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। नाराज चल रहे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को मनाने की हर कोशिश अब तक असफल मानी जा रही है।

RJD के बिहार अध्यक्ष...- India TV Hindi
RJD के बिहार अध्यक्ष जगदानंद सिंह पार्टी से नाराज! Image Source : FILE PHOTO

पटना: बिहार में मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। नाराज चल रहे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को मनाने की हर कोशिश अब तक असफल मानी जा रही है। कहा तो जा रहा है कि नाराजगी के कारण ही वे पार्टी के प्रदेश कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा झंडा फहराने भी नहीं पहुंचे। 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रविवार को पटना स्थित राजद के कार्यालय में पूरी तैयारी कर ली गई थी। लेकिन, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के नहीं पहुंचने पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। इस बीच तेजस्वी यादव ने पार्टी की किरकिरी होने से बचाने के लिए खुद आगे बढ़े और तिरंगा फहराया।

प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष द्वारा ही स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वाजारोहण की परिपाटी रही है, लेकिन इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष के नहीं आने के बाद चर्चाओं का दौर प्रारंभ हो गया है। लोग उनकी अनुपस्थिति को उनकी नाराजगी से जोड़कर देख रहे हैं। पिछले कई दिनों से जगदानंद सिंह पार्टी कार्यालय भी नहीं आए हैं। कहा जा रहा है कि वे पार्टी के अध्यक्ष लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव के एक बयान से आहत हैं।

तेजप्रताप यादव ने युवा राजद के एक कार्यक्रम में कहा था, "लोगों को समझना चाहिए कि कुर्सी किसी की बपौती नहीं है। आज किसी के पास है, कल किसी और के पास होगी।" उन्होंने कहा था कि "कुछ लोग हिटलर बने हुए हैं।" इस बयान के बाद ही सिंह नाराज बताए जा रहे हैं।

वैसे, सिंह पिछले कुछ दिनों से पार्टी कार्यालय भी नहीं आए हैं, जिससे इन चर्चाओं को काफी बल मिल रहा है। पिछले दिनों तेजस्वी यादव के एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी सिंह साथ नहीं दिखे थे। इस सबंध में हालांकि राजद के नेता बहुत कुछ नहीं बोल पा रहे हैं। राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी कहते हैं, "जागदानंद सिंह स्वास्थ्य कारणों से पार्टी कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं, लेकिन विरोधी इसे 'नाराजगी' से जोड़कर बोल रहे हैं। वो अपना घर तो ठीक करें।"

इधर, भाजपा इस मुद्दे को लेकर राजद पर निशाना साध रही है। भाजपा के प्रवक्ता निखिल आनंद कहते हैं, "राजद एक परिवार की पार्टी है। वहां सिर्फ एक ही परिवार का चलता है। इसमें कोई नई बात नहीं है।" इधर, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) ने तो सिंह को हम में आने का निमंत्रण तक दे दिया। हम का कहना है कि "सिंह अगर हम में आ जाएं तो पार्टी उनको पूरा मान-सम्मान देगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।