1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के हाजीपुर में बेखौफ बदमाशों ने आरजेडी नेता को गोलियों से भूना, मौके पर ही मौत

बिहार के हाजीपुर में बेखौफ बदमाशों ने आरजेडी नेता को गोलियों से भूना, मौके पर ही मौत

 Published : Aug 26, 2025 09:39 am IST,  Updated : Aug 26, 2025 10:03 am IST

बिहार के हाजीपुर में अपराधियों ने आरजेडी नेता शिव शंकर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वजह सामने नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आरजेडी नेता शिव शंकर सिंह की फाइल फोटो- India TV Hindi
आरजेडी नेता शिव शंकर सिंह की फाइल फोटो Image Source : REPORTER INPUT

हाजीपुरः बिहार के हाजीपुर में बेखौफ अपराधियों ने आरजेडी नेता शिव शंकर सिंह को गोलियों से भून डाला। शिव शंकर सिंह को चार गोलियां लगी हैं। वह राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रखंड महासचिव थे। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। यह घटना हाजीपुर के बिदुपुर थाना क्षेत्र के पैकौली चौक के पास हुई है। मृतक व्यक्ति बिदुपुर के भैरोपुर के रहने वाले थे। 

घर से एक किमी दूरी पर मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, शिव शंकर सिंह देर रात अपने घर से बुलेट पर सवार होकर हाजीपुर शहर जा रहे थे। वह घर से एक किमी दूर पहुंचे ही थे कि अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और बुलेट रुकवाकर दनादन गोलियां बरसाने लगे। गोली लगने से आरजेडी नेता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 

चार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

अपराधियों ने शिव शंकर सिंह को गोली क्यों मारी। इसकी वजह अभी तक सामने नहीं आई है। घटना रात के करीब 11:00 की बताई जा रही है। जब वह अपने घर से बुलेट पर सवार होकर हाजीपुर शहर के लिए निकले थे। घटना को अंजाम देने वाले दो मोटरसाइकिल से चार अपराधी बताई जा रहे हैं।  

एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार ने बताया कि आरजेडी नेता की हत्या हुई है। शिव शंकर सिंह को चार गोलियां लगी हैं। घटना के संबंध में मृतकों के परिजनों से कुछ जानकारी ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मौके पर शांति है। मामले की जांच की जा रही है। 

नालंदा में युवक को मारी गोली

वहीं, नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय के पास सोमवार की शाम बदमाशों ने एक युवक को तीन गोलियां मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जख्मी की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के बरनौसा गांव निवासी कुमार दीनबंधु के पुत्र 25 वर्षीय हर्ष कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल बिहारशरीफ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रेफर कर दिया।

रिपोर्ट- राजा बाबू, हाजीपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।