बिहार के रोहतास में दो पक्षों के बीच जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस विवाद रोकने पहुंची तो पुलिस की टीम पर भी हमला कर दिया गया। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने 40 आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामला दिनारा थाना क्षेत्र का है। यहां बेलवईंया गांव में गुरुवार को जमीन विवाद के दौरान गोलीबारी हो गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान अनीश पासवान के रूप में हुई है। उसे पहले ग्रामीणों की मदद से सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज हेतु वाराणसी रेफर कर दिया गया।
कोर्ट के आदेश पर रोपाई के दौरान भड़का विवाद
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बेलवईंया गांव में वर्ष 2011 से ही जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। गुरुवार को एक पक्ष ने कोर्ट के आदेश पर विवादित जमीन पर धान की रोपाई शुरू कर दी। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग भारी संख्या में वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन तनाव इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते गोलीबारी शुरू हो गई। गोली लगने की घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।
पुलिस पर पथराव, वाहन तोड़े गए
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मौके पर मौजूद पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें एक पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालात को बिगड़ते देख पुलिस को सख्ती अपनानी पड़ी, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। गोलीबारी और पथराव की घटना में अन्य कई लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है।
थाने पर भी भीड़ का हमला, जमकर तोड़फोड़
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दिनारा थाने पर भी हमला बोल दिया। भीड़ ने थाना परिसर में रखी कुर्सियां, मेज व दोपहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने रोहतास पुलिस प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई और पक्षपात का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते हीं रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। उन्होंने मौके से रिपोर्ट लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हालांकि, एसपी रौशन कुमार ने गोली लगने की बात को अफवाह बताया और कहा कि अब तक की जांच में गोली चलने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
150 बीघा पुश्तैनी जमीन का विवाद
बेलवईंया गांव में डेढ़ सौ बीघा पुश्तैनी जमीन को लेकर गुरुवार को बड़ा बवाल हो गया। वर्षों से चली आ रही जमीन की लड़ाई उस वक्त हिंसक हो गई, जब बबूआ सिंह को पटना हाई कोर्ट से जमीन के पक्ष में डिग्री प्राप्त हुई। पुलिस की मौजूदगी में जब खेत की जोताई शुरू हुई, तभी मौके पर मौजूद लोगों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। हमले में तीन थाना अध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने कई पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अब तक 40 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
एकतरफा कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन
महादलित समाज ने एकतरफा पुलिस कार्रवाई का आरोप लगाते हुए सासाराम डीएम कार्यालय को घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया है, जाम कई किलोमीटर तक फैल गया। करीब 3 घंटे तक सड़क को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। महादलित समाज के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने पक्षपात करते हुए सिर्फ उनके समुदाय के 40 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जब तक निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, प्रदर्शन जारी रहेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हालांकि, जाम से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
(रोहतास से रंजन सिंह की रिपोर्ट)