रोहतास: डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की अज्ञात अपराधियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह वारदात औरंगाबाद जिले बारुण थाना क्षेत्र में हुई। अज्ञात अपराधियों के हमले में विमल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए रोहतास जिले रोहतास जिले के डेहरी स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जमुहार) लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डेहरी से पटना की ओर जा रहे थे
जानकारी के अनुसार, शनिवार को विमल कुमार डेहरी स्थित ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब में आयोजित "एक शाम शहीदों के नाम" कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे सरकारी वाहन से पटना के लिए रवाना हुए। इसी दौरान औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र स्थित धनौती पुल के समीप घात लगाए अपराधियों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया। आरोप है कि अपराधियों ने चालक की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर वाहन रुकवाया और इसके बाद कार्यपालक पदाधिकारी पर लाठी, डंडे एवं लोहे की रॉड से हमला कर दिया। विमल कुमार के साथ जमकर मारपीट की। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते समय हुई मृत्यु
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की सहायता से गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को डेहरी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।विमल कुमार की हत्या की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। उनकी पत्नी पति का शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगी। बच्चे भी बिलख-बिलखकर रोने लगा। पूरा दृश्य बेहद मार्मिक था। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, औरंगाबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा, सासाराम की अनुमंडल पदाधिकारी नेहा कुमारी तथा डेहरी के अनुमंडल पदाधिकारी निलेश कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि हत्या के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
विधानसभा में भी उठा था मामला
बताया जा रहा है कि डेहरी के विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह ने हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार से जुड़े कुछ विषयों को उठाया था। ऐसे में उनकी हत्या के बाद विभिन्न प्रकार की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है और जांच जारी होने की बात कही है।
पत्नी ने चालक पर लगाया आरोप
मृतक की पत्नी बबीता कुमारी अस्पताल पहुंचीं तो उन्होंने चालक पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया। पुलिस ने इस आरोप को भी जांच के दायरे में रखा है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम परिजनों की उपस्थिति में कराया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रोहतास के सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर गंभीर चोटों के साथ बाजू पर धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं। गोली लगने की संभावना की भी जांच की जा रही है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
मुख्य पार्षद ने जताई साजिश की आशंका
डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि विमल कुमार एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार अधिकारी थे। उन्होंने आशंका जताई कि यह हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई है तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि इससे पहले अप्रैल महीने में भागलपुर के सुल्तानगंज में नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की कार्यालय में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद काफी हंगामा मचा था। कार्यपालक अधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या के आरोपी रामधनी यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था।
रिपोर्ट-रंजन सिंह, रोहतास
यह भी पढ़ें-
बेगूसराय में तालिबानी फरमान, रेप पीड़िता से भरी पंचायत में कान पकड़वाकर चटवाया थूक, प्राथमिकी दर्ज