बिहार के रोहतास में राहुल गांधी के पुतला फूंकने को लेकर भाजपा के दो पूर्व विधायक आमने-सामने हो गए। अंत में पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद आधा जला हुआ पुतला लेकर भाग चले। इस दौरान सार्वजनिक रूप से भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद ने रामेश्वर चौरसिया को काफी खरी खोटी सुनाई। सासाराम से पांच बार के विधायक रह चुके जवाहर प्रसाद के तेवर को देखकर सभी दंग रह गए। इस दौरान नोखा के पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया तथा सासाराम के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद आमने-सामने हो गए।
मामला यह है कि भाजपा के पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया न्यू एरिया मोड़ पर राहुल गांधी का पुतला फूंक रहे थे। पुतले में आग लगी ही थी कि सासाराम के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद वहां पहुंच गए और पुतले को कांग्रेस कार्यालय के गेट पर फूंकने की बात करने लगे। इसके बाद वह जलता हुआ पुतला लेकर कांग्रेस कार्यालय की ओर भागने लगे। अंत में जवाहर प्रसाद ने कांग्रेस कार्यालय पर जाकर पुतले को दहन किया।
कांग्रेस कार्यालय के गेट पर फूंका पुतला
बड़ी बात है कि इस दौरान चेनारी के भाजपा के वर्तमान विधायक व पूर्व मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम भी मौजूद रहे। अंततः मुरारी प्रसाद गौतम और रामेश्वर चौरसिया सहित अन्य कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंच गए और कांग्रेस कार्यालय के गेट पर आकर राहुल गांधी का पुतला फूंक दिया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर दी गई गाली के खिलाफ भाजपा के कार्यकर्ता काफी उग्र हैं और इसको लेकर इन लोगों ने कांग्रेस के कार्यालय के गेट पर जाकर राहुल गांधी का पुतला फूंका।
दरभंगा में पीएम मोदी को दी गई थी गाली
बुधवार के दिन राहुल गांधी की वोटर जोड़ो यात्रा के दौरान बनाए गए मंच से पीएम मोदी को गाली दी गई थी। यह कार्यक्रम यूथ कांग्रेस से जुड़े मोहम्मद नौशाद ने करवाया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद नौशाद ने माफी भी मांग ली थी और गाली देने वाले व्यक्ति की आलोचना की थी। अगले दिन आरोपी रिज़वी उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया गया।
(रोहतास से रंजन सिंह की रिपोर्ट)