1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सुपौल DM का राघोपुर ब्लॉक पर छापा, सिर्फ 2 कर्मचारी मिले उपस्थित, 9 की हाजिरी कटी, वेतन रोका

सुपौल DM का राघोपुर ब्लॉक पर छापा, सिर्फ 2 कर्मचारी मिले उपस्थित, 9 की हाजिरी कटी, वेतन रोका

 Published : Feb 09, 2026 02:19 pm IST,  Updated : Feb 09, 2026 02:20 pm IST

सुपौल डीएम के अचानक पहुंचते ही कार्यालय कर्मियों में अफरातफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान जब सीमेंट के बैग को स्कैन किया गया तो वह स्कैन नहीं हुआ, जिस पर डीएम ने गहरी नाराजगी जाहिर की।

supaul dm sawan kumar- India TV Hindi
सुपौल के DM सावन कुमार ने औचक निरीक्षण किया। Image Source : REPORTER INPUT

सुपौल के राघोपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब सुपौल के DM सावन कुमार ने औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचते ही कार्यालय कर्मियों में अफरातफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय के सभी विभागों का बारीकी से जायजा लिया। इस क्रम में राघोपुर ब्लॉक परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का भी डीएम ने निरीक्षण किया गया। भवन निर्माण में अनियमितता एवं लापरवाही पाए जाने पर डीएम ने संबंधित पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल जांच के निर्देश दिए।

स्कैन नहीं हो पाए सीमेंट के बैग

निरीक्षण के दौरान जब सीमेंट के बैग को स्कैन किया गया तो वह स्कैन नहीं हुआ, जिस पर डीएम ने गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बीडीओ एवं सीओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भवन निर्माण कार्य उनकी प्रत्यक्ष उपस्थिति में कराया जाए, ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। डीएम ने आरटीपीएस काउंटर, सीएससी काउंटर, प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय के अन्य सभी विभागों का भी निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद फरियादियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

9 कर्मचारियों की हाजिरी काटते हुए वेतन रोका

मीडिया से बातचीत करते हुए डीएम सावन कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि कई कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं आते हैं। इसी शिकायत की सत्यता जांचने के लिए उन्होंने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मात्र 2 कर्मचारी ही उपस्थित पाए गए। डीएम ने सख्त कार्रवाई करते हुए समय से अनुपस्थित रहने वाले 9 कर्मचारियों की हाजिरी काटते हुए एक दिन का वेतन रोक दिया है। साथ ही सभी के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

भवन निर्माण को लेकर डीएम ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि वे स्वयं मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करें। निरीक्षण के दौरान मौके पर बीडीओ सत्येंद्र कुमार, सीओ रश्मि प्रिया एवं आरओ आकांक्षा कुमारी मौजूद रहीं।

(रिपोर्ट- संत सरोज)

देखें वीडियो-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।