1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पुलिस-अंचल प्रशासन की टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला, धक्का-मुक्की, मारपीट का वीडियो वायरल

पुलिस-अंचल प्रशासन की टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला, धक्का-मुक्की, मारपीट का वीडियो वायरल

 Published : Oct 07, 2026 10:53 am IST,  Updated : Oct 07, 2026 11:03 am IST

समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में सिरसी गांव के लोगों ने पुलिस और अंचल प्रशासन की टीम पर हमला बोल दिया। पुलिस की टीम यगां दखल-कब्जा कराने पहुंची थी, इसी बीच लोगों ने मारपीट शुरू कर दी और टीम को भगा दिया।

समस्तीपुर में पुलिस पर हमला- India TV Hindi
समस्तीपुर में पुलिस पर हमला Image Source : INDIA TV

बिहार के समस्तीपुर में पुलिस और अंचल प्रशासन की टीम पर गांव वालों ने हमला बोल दिया, जिसका 11 दिन पुराना वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जमीन के दखल-कब्जा कराने पहुंची पुलिस और अंचल प्रशासन की टीम को ग्रामीणों का भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ये पूरा मामला विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिरसी गांव का है। जहां कार्रवाई के दौरान पुलिस-प्रशासन की टीम के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी का आरोप है। 

दखल-कब्जा कराने पहुंची टीम ग्रामीणों ने किया हमला

बताया जा रहा है कि अदालत और प्रशासनिक आदेश के तहत सिरसी गांव में जमीन का सीमांकन, मेड़ कायम करने और दखल-कब्जा दिलाने के लिए पुलिस और अंचल प्रशासन की टीम पहुंची थी। जैसे ही प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू की गई, मौके पर मौजूद विपक्षी पक्ष के लोग लामबंद होकर इसका विरोध करने लगे। देखते ही देखते मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

लाठी-डंडे लेकर मारपीट करने दौड़े लोग

प्रशासन के अनुसार, विरोध कर रहे कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर मारपीट पर उतारू हो गए, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की स्थिति पैदा हो गई। लोग पुलिस की गाड़ी में बैठे लोगों और महिलाओं के साथ मारपीट करने लगे। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और टीम को रवाना किया।

पुलिस और प्रशासन की टीम को मौके से भागना पड़ा

स्थिति बिगड़ती देख अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई रोकने का फैसला लिया। हिंसक झड़प की आशंका को देखते हुए टीम बिना दखल-कब्जा कराए ही वापस लौट गई। अब इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस-प्रशासन की टीम के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और विरोध की स्थिति दिखाई दे रही है।

वायरल हो रहा है वीडियो

फिलहाल, वायरल वीडियो के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई है और धक्का-मुक्की में कौन-कौन लोग शामिल थे, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। सिरसी गांव की इस घटना ने प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

इनपुट: सुनील कुमार, समस्तीपुर

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।