प्लाईवुड इंडस्ट्री की जानी-मानी कंपनी Century Plyboards ने अपने प्लाईवुड प्रोडक्ट्स पर 10 साल की संपूर्ण गारंटी देने की घोषणा की है। देश में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब इंडस्ट्री से जुड़ी कोई कंपनी अपने प्लाईवुड प्रोडक्ट्स पर 10 साल की गारंटी दे रही है। सेंचुरी प्लाईवुड की इस गारंटी को बॉलीवुड एक्टर आमिर खान विज्ञापन के जरिए और मजबूत बनाएंगे।
फर्नीचर बनाने में आया सारा खर्च वापस करेगी कंपनी
सेंचुरी प्लाईबोर्ड लिमिटेड ने बताया कि फर्नीचर बनाने के बाद 10 साल के अंदर अगर प्लाईवुड खराब हो जाती है तो ग्राहक को सिर्फ प्लाईवुड की कीमत ही नहीं, बल्कि फर्नीचर बनाने में आया लेबर कॉस्ट, ट्रांसपोर्ट का खर्च और यहां तक कि गोंद की कीमत भी वापस कर दी जाएगी। यानी, कंपनी की इस गारंटी में ग्राहकों को फर्नीचर बनाने का पूरा खर्च वापस मिल जाएगा। कंपनी ने इस ‘फुल रिफंड स्कीम’ का नाम "टोटल कवर" रखा है।
10 साल की गारंटी खत्म होने के बाद 10 साल की वॉरंटी भी मिलेगी
कंपनी की ये स्कीम सिर्फ 10 साल की गारंटी तक ही सीमित नहीं है। 10 साल के बाद अगले 10 साल तक प्लाईवुड पर नॉर्मल वॉरंटी भी रहेगी। सेंचुरी प्लाईबोर्ड का मानना है कि कंपनी के इस ऑफर से न सिर्फ ग्राहकों को भरोसा बढ़ेगा बल्कि उन्हें फर्नीचर बनवाते समय काफी राहत और तसल्ली भी मिलेगी। कंपनी ने ग्राहकों को प्लाईवुड खरीदने के 10 साल के अंदर किसी भी तरह की समस्या में साथ देने का आश्वासन दिया है।
कंपनी के पास 40 सालों का अनुभव
सेंचुरी प्लाईवुड के अधिकारियों का कहना है कि ये फैसला उनके प्रॉडक्ट की क्वालिटी पर भरोसे के कारण लिया गया है। पिछले 40 सालों से ये कंपनी प्लाईवुड बना रही है और इस अनुभव की बदौलत ही कंपनी को अपने उत्पाद पर 10 साल की गारंटी देने का हौसला आया है।
ग्राहकों को मोबाइल नंबर से कराना होगा रजिस्ट्रेशन
सेंचुरी प्लाईवुड के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर केशव भजनका ने कहा कि कंपनी का ये नया ऑफर पूरे देश में शुरू हो चुका है। कंपनी को उम्मीद है कि इससे ब्रांड पर ग्राहकों का भरोसा और ज्यादा बढ़ेगा। इसके साथ ही, कंपनी की बिक्री में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। 10 साल की गारंटी वाले इस ऑफर का लाभ पाने के लिए ग्राहकों को सिर्फ अपने मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना होगा।
यूपी में 2 और ओडिशा में 1 नई फैक्ट्री लगाएगी कंपनी
सेंचुरी प्लाईवुड की एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर निकिता बंसल ने कहा कि प्लाईवुड पर 10 साल की गारंटी के साथ उत्पादन बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश में 2 और ओडिशा में 1 नई फैक्ट्री भी जल्द ही लगाई जाएगी। इसके लिए एक-एक फैक्ट्री में 200 से 250 करोड़ रुपये निवेश किए जाएंगे।