1. Hindi News
  2. बिज़नेस
  3. BSNL की 'नाइट फ्री कॉलिंग' योजना से बढ़ी कनेक्शनों की मांग

BSNL की 'नाइट फ्री कॉलिंग' योजना से बढ़ी कनेक्शनों की मांग

 Written By: IANS
 Published : Jul 05, 2015 06:15 pm IST,  Updated : Jul 05, 2015 06:16 pm IST

लखनऊ: भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के लिए मुफ्त नाइट कॉलिंग योजना संजीवनी साबित हो रही है। दो माह में ही योजना का असर दिखाई देने लगा है। बेसिक फोन उपभोक्ताओं के लिए बेहतरीन योजना

BSNL की 'नाइट फ्री कॉलिंग'...- India TV Hindi
BSNL की 'नाइट फ्री कॉलिंग' योजना से बढ़ी कनेक्शनों की मांग

लखनऊ: भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के लिए मुफ्त नाइट कॉलिंग योजना संजीवनी साबित हो रही है। दो माह में ही योजना का असर दिखाई देने लगा है। बेसिक फोन उपभोक्ताओं के लिए बेहतरीन योजना होने के कारण फोन सरेंडर करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में लगातार कमी आ रही है। नाइट फ्री कॉलिंग के चलते जून माह में बीएसएनएल नेटवर्क से जुड़ने वाले ब्राडबैंड उपभोक्ताओं की संख्या सरेंडर करने वालों से अधिक रही है। इसी तरह बेसिक फोन में पुराने उपभोक्ताओं की वापसी के चलते सात साल बाद पहली बार फोन सरेंडर का ग्राफ थम गया है।

बीएसएनएल में मुफ्त नाइट कॉलिंग की सुविधा शुरू होने के बाद से बेसिक फोन उपभोक्ताओं का पलायन रुकने के साथ ही नए कनेक्शनों की मांग बढ़ गई है। राजधानी के साथ ही प्रदेश के अन्य शहरों में पहले की अपेक्षा पांच गुना अधिक नए कनेक्शन के आवेदन आ रहे हैं।

राजधानी में बेसिक फोन कनेक्शन की मांग बढ़ने से प्रतिदिन सौ कनेक्शन की औसत से नए कनेक्शनों की बुकिंग हो रही है। मुफ्त नाइट कालिंग सेवा से पहले यह औसत 10 कनेक्शन प्रतिदिन का था। नए फोन कनेक्शन की बुकिंग के साथ ही बड़ी संख्या में लोग उपभोक्ता सेवा केंद्रों में जाकर मुफ्त नाइट कालिंग सेवा के बारे में जानकारी ले रहे हैं। सर्किल के अन्य जनपदों में भी बेसिफ फोन व इंटरनेट कनेक्शन की मांग बढ़ी है।

जून से पहले प्रतिमाह औसतन 10 हजार से अधिक फोन कनेक्शन सरेंडर हो रहे थे, जबकि नए कनेक्शन की डिमांड काफी कम थी। मुफ्त नाइट कालिंग योजना शुरू होने के बाद जून में पुराने उपभोक्ताओं की वापसी तथा बड़ी संख्या में नए कनेक्शन बुक कराने के कारण यह औसत लगभग बराबरी पर पहुंच चुका है। सरेंडर करने वाले ग्राहकों की संख्या सात साल बाद पहली बार थमी है।

बीएसएनएल प्रबंधन के लिए उत्साहजनक बात यह है कि पुराने उपभोक्ता फिर से बीएसएनएल से जुड़ने का मन बना रहे हैं। बीएसएनएल पूर्वी परिमंडल में बेसिक फोन उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है।

अभियान के तहत पुराने उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें फिर से बेसिक फोन से जोड़ने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इसके लिए फील्ड के कर्मचारियों और अभियंताओं को कहा गया है कि वह कंपनी छोड़ चुके उपभोक्ताओं से संपर्क करके बेहतर सेवा देने के वादे के साथ बीएसएनएल में वापस लाएं।

बीएसएनएल के सर्किल प्रमुख एच.आर. शुक्ल बताते हैं कि पारदर्शी कार्यप्रणाली और सबसे बेहतर तथा ईमानदार बिलिंग व्यवस्था जैसी अच्छाइयों के कारण उपभोक्ताओं का आज भी बीएसएनएल से भरोसा टूटा नहीं है। कस्टमर केयर व संचार सेवाओं को दुरुस्त करके अधिकतर उपभोक्ताओं को फिर से बीएसएनएल में वापस लाया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिज़नेस से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।