1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. भालुओं के हमले में एक लड़की समेत 2 लोगों की मौत, खेत में बकरी चराने गई थी मासूम

भालुओं के हमले में एक लड़की समेत 2 लोगों की मौत, खेत में बकरी चराने गई थी मासूम

 Published : Sep 28, 2024 02:49 pm IST,  Updated : Sep 28, 2024 02:49 pm IST

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले भालुओं के हमलों में खेत में बकरी चराने गई एक लड़की समेत 2 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए।

Chhattisgarh News, Chhattisgarh Bear Attack, Bear Attack- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ में भालुओं के हमले में 2 लोगों की जान चली गई। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

मरवाही: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भालुओं के हमलों में एक लड़की समेत 2 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस घटना में 4 अन्य लोग घायल भी हो गए।उन्होंने बताया कि 24 घंटे के दौरान जिले के बेलझिरिया गांव में भालुओं ने 2 बार हमला किया। इस हमले में 13 साल की विद्या केवट और 32 साल के सुक्कूल प्रसाद की मौत हो गई तथा चरणसिंह खेरवार और रामकुमार घायल हो गए। उन्होंने बताया कि जिले के करगीकला गांव में भालुओं के अन्य हमले में सेवक लाल यादव और सेमलाल गोंड घायल हुए हैं।

‘घर से खेत की ओर बकरी चराने गई थी लड़की’

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम को बिहान लाल केवट की बेटी विद्या बकरी चराने अपने घर से खेत की ओर गई थी, इस दौरान उसका सामना भालू से हो गया और उसने लड़की पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना में लड़की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह बेलझिरिया गांव के ही निवासी चरणसिंह, रामकुमार और सुक्कुल प्रसाद मशरूम एकत्र करने करीब के खेत में गए थे, इस दौरान भालू ने उनपर पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना में सुक्कूल प्रसाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

1.5 महीने में भालुओं के हमले के 20 से ज्यादा मामले

अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिली तो उन्होंने चरण सिंह और रामकुमार को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि इसी तरह की एक अन्य घटना में भालू ने करगीकला गांव में खेत देखने गए ग्रामीण सेवक लाल यादव और सेमलाल गोंड पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरवाही वन मंडल में पिछले डेढ़ माह में भालुओं के हमले के 20 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।