1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. लकड़ी का एक टुकड़ा बना 5 लोगों की मौत का कारण, कुंए में जहरीली गैस के होने का शक

लकड़ी का एक टुकड़ा बना 5 लोगों की मौत का कारण, कुंए में जहरीली गैस के होने का शक

 Edited By: Adarsh Pandey
 Published : Jul 05, 2024 12:34 pm IST,  Updated : Jul 05, 2024 12:39 pm IST

जांजगीर-चांपा जिले में एक कुएं के अंदर जाने से 5 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस को शक है कि कुएं के अंदर जहरीली गैस का रिसाव होने के कारण इनकी मौत हुई है।

Screen Grab- India TV Hindi
एक कुएं में जहरीली गैस के कारण 5 लोगों की मौत Image Source : SCREEN GRAB

छत्तसीगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां लकड़ी का एक टुकड़ा 5 लोगों की मौत का कारण बन गया है। घटना होने के बाद गांव के लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में लग गई। अब आप सोच रहे होंगे कि एक लकड़ी का टुकड़ा पांच लोगों की मौत का कारण कैसे बन सकता है। यह समझाने के लिए आपको पूरी खबर विस्तार से बताते हैं।

आखिर क्या है मामला?

हैरान कर देने वाला यह मामला छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले का है। आज यानी 5 जुलाई को एक कुएं में 5 लोगों की मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक रामचंद्र जायसवाल नाम का एक शख्स कुएं में गिरे लकड़ी के टुकड़े को निकालने के लिए उतरा। मगर वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला। इसके बाद उसके परिजनों ने पड़ोस के पटेल और चंद्रा परिवार से मदद मांगी। कुएं में गए शख्स को बचाने के लिए रमेश पटेल, जितेंद्र पटेल, राजेंद्र पटेल और टिकेश्वर चंद्रा नाम के चार लोग कुएं में उतर गए मगर वो भी बाहर नहीं निकल पाएं और उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने क्या कुछ कहा?

इस मामले में पुलिस अधिकारी से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि यह मामला जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में आने वाले किकिरदा गांव का है। ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस दल को मौके पर भेज दिया गया। इसके अलावा राज्य आपदा मोचन बल यानी SDRF को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। इतना ही नहीं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि कुएं में जहरीली गैस के रिसाव होने का शक है जिस कारण उन सभी की मौत हुई है। अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में अधिक जानकारी मिल पाएगी।

(इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें-

महादेव बेटिंग ऐप मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, महाराष्ट्र से 5 लोग गिरफ्तार

VIDEO: इस गांव के लोगों को बड़ी राहत, पुल तैयार नहीं हुआ तो मानसून से पहले जवानों ने बनाया रोपवे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।