1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह और राहुल गांधी, आज एक साथ भरेंगे चुनावी हुंकार

छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह और राहुल गांधी, आज एक साथ भरेंगे चुनावी हुंकार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 02, 2023 12:46 pm IST,  Updated : Sep 02, 2023 12:46 pm IST

छत्तीसगढ़ चुनाव से पहले आज बीजेपी और कांग्रेस की एक ही दिन चुनावी जनसभा है। इसे लेकर अमित शाह और राहुल गांधी छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे हैं।

अमित शाह और राहुल गांधी- India TV Hindi
अमित शाह और राहुल गांधी Image Source : FILE PHOTO

छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर गए हैं। दोनों नेता यहां कई जनसभाओं को संबोधित करने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। चुनाव से पहले यह पहली बार है, जब विरोधी दल बीजेपी और कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं की जनसभाएं और कार्यक्रम एक ही दिन प्रस्तावित हैं। 

'आरोप पत्र' जारी करेंगे अमित शाह

अमित शाह रायपुर और महासमुंद जिले के सरायपाली में जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि राहुल नवा रायपुर में राजीव युवा मितान क्लब के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। बीजेपी के एक पदाधिकारी ने बताया कि शाह आज रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ 'आरोप पत्र' जारी करेंगे। उन्होंने बताया कि शाह इसके बाद आदिवासी समूहों द्वारा आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होने के वास्ते सरायपाली क्षेत्र के खैरमाल गांव के लिए रवाना होंगे।

2018 में बीजेपी को मिली थी हार  

छत्तीसगढ़ में रमन सिंह के नेतृत्व में 15 साल (2003-2018) तक सत्ता में रहने के बाद बीजेपी को 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। बीजेपी आने वाले चुनाव में सत्ता में वापसी के लिए जोर लगा रही है। एक अधिकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी दोपहर 2:00 बजे राज्योत्सव मेला स्थल पर राज्य के खेल और युवा कल्याण विभाग के तहत गठित राजीव युवा मितान क्लब के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। 

पिछले चुनाव में कांग्रेस ने जीती थी 68 सीटें

सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहेंगे। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कुल 90 सीटों में से 68 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी को 15 सीटें हासिल हुई थीं। राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जेसीसी (जे) को पांच और उसकी सहयोगी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को दो सीटें मिली थीं। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वर्तमान में कांग्रेस के 71 सदस्य हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।