1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. अबुझमाड़ मुठभेड़ में अबतक 5 नक्सलियों के शव बरामद, 2 महिला नक्सली भी शामिल

अबुझमाड़ मुठभेड़ में अबतक 5 नक्सलियों के शव बरामद, 2 महिला नक्सली भी शामिल

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 06, 2025 01:51 pm IST,  Updated : Jan 06, 2025 02:27 pm IST

छत्तीसगढ़ के अबुझमाड़ के जंगलों में हुई मुठभेड़ में अबतक 5 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबल का एक जवान शहीद हुआ था।

मुठभेड़ में अबतक 5 नक्सलियों के शव बरामद।- India TV Hindi
मुठभेड़ में अबतक 5 नक्सलियों के शव बरामद। Image Source : FILE

दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ इलाके में शनिवार को नक्सलियों के साथ मुठभेड़ का मामला सामने आया था। इसके बाद सुरक्षाबलों ने सोमवार को एक अन्य नक्सली का शव बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही इस मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। इस घटना में सुरक्षाबल का एक जवान शहीद हुआ था। इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है। तलाशी अभियान के दौरान इलाके से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किया गया है। 

दो महिलाओं नक्सलियों के भी शव

पुलिस के मुताबिक नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर दक्षिण अबूझमाड़ के एक जंगल में शनिवार शाम को मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ के बाद रविवार को चार नक्सलियों के शव बरामद किए गए थे। इलाके में जारी अभियान के दौरान सोमवार को एक अन्य नक्सली का शव बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को शुरू किए गए इस अभियान में चार जिलों नारायणपुर, बस्तर, कोंडागांव और दंतेवाड़ा के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवान शामिल थे। मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। 

भारी मात्रा में हथियार बरामद

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में माओवादियों के दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी) के पीएलजीए प्लाटून नंबर 32 के वरिष्ठ कैडर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एके-47 राइफल और सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर) समेत स्वचालित हथियार बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में डीआरजी के हेड कांस्टेबल सन्नू करम शहीद हो गए। उन्होंने बताया कि इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है। बता दें कि पिछले साल राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 219 नक्सलियों को ढेर किया था।

यह भी पढ़ें-

भुज में 500 फिट गहरे बोरवेल में गिरी युवती, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पटना में खुदाई से निकला 500 साल पुराना शिव मंदिर, जमीन धंसने से हुआ खुलासा; लोगों ने शुरू की पूजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।