छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को चार्टर्ड प्लेन क्रैश होने की सूचना के बाद मचे हड़कंप पर अब विराम लग गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नारायणपुर क्षेत्र और आरा पहाड़ के आस-पास गहन तलाशी अभियान के बावजूद विमान हादसे का कोई भी साक्ष्य नहीं मिला है।
धुआं उठने की मिली थी सूचना
इससे पहले, खबर आई थी कि जशपुर जिले के आरा पहाड़ से टकराकर एक चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया। सोमवार दोपहर जिला प्रशासन को नारायणपुर क्षेत्र में धुआं उठने की सूचना मिली, जिसे संभावित विमान हादसे से जोड़कर देखा जा रहा था। खबर की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह तुरंत पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
ड्रोन कैमरे से निगरानी
पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरे के जरिए निगरानी रखी। जिला प्रशासन को कोई साक्ष्य नहीं मिला। आरा पहाड़ और आस-पास के क्षेत्रों में घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी मलबे या विमान का कोई हिस्सा बरामद नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने नहीं सुनी धमाके की आवाज
प्रशासनिक अधिकारी स्थानीय लोगों से जानकारी ले रहे हैं। अभी तक किसी ग्रामीणों ने विस्फोट होने की आवाज नहीं सूनी है और कोई भी साक्ष्य नहीं मिला है।
अभी तक कहीं भी ऐसी कोई चीज नहीं मिली: जशपुर कलेक्टर
जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि प्लेन क्रैश की खबर पर हम मौके पर पहुंचे हैं। पूरे जंगल में तलाशी जारी है। अभी तक कहीं भी ऐसी कोई चीज नहीं मिली है। झारखंड, कोलकाता, भुवनेश्वर एटीसी से भी जानकारी मिली है कि कोई भी प्लेन, हेलीकॉप्टर मिसिंग नहीं है।
ये भी पढ़ें-
जम्मू कश्मीर: ऊधमपुर बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हुई, 61 लोग हुए घायल, मुआवजे का भी ऐलान
नासिक में IT कंपनी में धर्मांतरण का मामला, कोर्ट ने आरोपी निदा खान को नहीं दी अंतरिम राहत