1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'किंग' के पहले गाने 'तू मिल जाए' में दिखी शाहरुख-दीपिका की रोमांटिक केमिस्ट्री, दुश्मनों के छक्के छुड़ाते भी आए नजर

'किंग' के पहले गाने 'तू मिल जाए' में दिखी शाहरुख-दीपिका की रोमांटिक केमिस्ट्री, दुश्मनों के छक्के छुड़ाते भी आए नजर

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Nov 02, 2026 06:55 am IST,  Updated : Nov 02, 2026 06:55 am IST

शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'किंग' का पहला गाना रिलीज हो गया है। 'तू मिल जाए' में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की शानदार रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिलेगी।

shah rukh khan- India TV Hindi
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण Image Source : INSTAGRAM/@IAMSRK

सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपने 61वें जन्मदिन के मौके पर अपनी अपकमिंग फिल्म 'किंग' का पहला गाना 'तू मिल जाए' रिलीज किया है। इस गाने में दीपिका पादुकोण नजर आ रही हैं। यह गाना रोमांस, एक्शन और ड्रामा का शानदार मेल है, जिसमें अरिजीत सिंह और एड शीरन की आवाजें एक साथ सुनने को मिलेंगी। बड़े पर्दे पर एक बार फिर से शाहरुख और दीपिका की जोड़ी धूम मचाने को तैयार है। वहीं किंग' के पहले गाने 'तू मिल जाए' में शाहरुख खान के किरदार के अलग-अलग पहलू देखने को मिलते हैं। वे दीपिका के साथ रोमांस करते हैं, एड शीरन के अंग्रेजी रैप पर लिप-सिंक करते हैं और एक्शन सीन्स में दुश्मनों से लड़ाई करते हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी फिल्म 'किंग' दुनिया भर के सिनेमाघरों में 24 दिसंबर को रिलीज होगी।

'तू मिल जाए' में दिखी शाहरुख-दीपिका की रोमांटिक केमिस्ट्री

म्यूजिक वीडियो की शुरुआत शाहरुख के एक डायलॉग से होती है, जो गाने का माहौल सेट कर देता है। वे कहते हैं, 'मैं कातिल नहीं, आशिक हूं। मेरी महबूबा ही मेरा निशाना है और वो आशिक कैसा जो दिल चीर न दे?' इसके बाद एक शानदार रोमांटिक गाना शुरू होता है, जिसमें शाहरुख और दीपिका एक-दूसरे के करीब नजर आते हैं और भव्य दृश्यों के बीच साथ डांस करते हैं। वीडियो में रोमांस और एक्शन के कई उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं, लेकिन शाहरुख और दीपिका की केमिस्ट्री हर पल ध्यान खींचती है। शाहरुख, एड शीरन के अंग्रेजी रैप वाले हिस्से पर भी लिप-सिंक करते हुए दिखाई देते हैं।

'तू मिल जाए' एक्शन-रोमांस से भरपूर

गाने का अंत शाहरुख के एक दमदार डायलॉग के साथ होता है, 'पर इस बार दिल में आग लगी है। दुनिया जलाए बिना, रुकेगा नहीं ।' यह लाइन 'किंग' की दुनिया में मौजूद एक्शन और हिंसा की ओर इशारा करती है।

अरिजीत सिंह और एड शीरन का कोलैबोरेशन

सचिन-जिगर द्वारा कंपोज किए गए गाने 'तू मिल जाए' में अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची की आवाज हैं। साथ ही एड शीरन का रैप भी शामिल है। इसके बोल कुमार ने लिखे हैं, जबकि इंग्लिश रैप एड शीरन ने लिखा है। पीयूष-शाजिया द्वारा कोरियोग्राफ किया गया यह गाना भारतीय फिल्मी संगीत और इंटरनेशनल पॉप का एक बेहतरीन मेल है। रोमांस, एक्शन और दमदार डायलॉग्स का यह मिश्रण इसे एक आम रोमांटिक गाने से कहीं आगे ले जाता है।

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की वापसी

शाहरुख और दीपिका इससे पहले 'ओम शांति ओम', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'हैप्पी न्यू ईयर' और 'पठान' जैसी फिल्मों में एक साथ नजर आ चुके हैं। 'किंग' में उनकी वापसी से एक ऐसी जोड़ी फिर से पर्दे पर आ रही है, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। 'किंग' में इन दो सितारों के अलावा सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, जयदीप अहलावत और राघव जुयाल जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। इस फिल्म को रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है। 'तू मिल जाए' स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है, जबकि इसका म्यूजिक वीडियो जी म्यूजिक कंपनी और टी-सीरीज के यूट्यूब चैनलों पर रिलीज किया गया है।

ये भी पढ़ें - 'पिक्चर अभी बाकी है!', शाहरुख खान की 'किंग' का नया वीडियो रिलीज, सुपरस्टार के खूंखार लुक ने मचाया तहलका

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।