1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'बिग बॉस 20' से कटा 'पंचायत' के 'दामाद जी' आसिफ खान का पत्ता, शो से हुए बाहर, फूट-फूटकर रोए यंग-स्काउट

'बिग बॉस 20' से कटा 'पंचायत' के 'दामाद जी' आसिफ खान का पत्ता, शो से हुए बाहर, फूट-फूटकर रोए यंग-स्काउट

 Written By: Priya Shukla
 Published : Nov 01, 2026 11:08 pm IST,  Updated : Nov 01, 2026 11:08 pm IST

'बिग बॉस 20' से एक और एविक्शन हो चुका है और 'पंचायत' के 'दामाद जी' यानी आसिफ खान इस हफ्ते घर से बेघर होने वाले सदस्य बने हैं। सलमान खान ने 'वीकेंड का वार' के दौरान बताया कि इस हफ्ते उन्हें सबसे कम वोट मिले हैं, जिसके चलते वह शो से बाहर होते हैं। ये सुनकर आसिफ चौंक गए।

aasif khan- India TV Hindi
बिग बॉस 20 से बाहर हुए आसिफ खान। Image Source : INSTAGRAM/@JIOHOTSTARREALITY

पॉपुलर रियेलिटी शो 'बिग बॉस 20' में पिछले कुछ दिनों से जबरदस्त उथल-पुथल मची हुई है। बीते हफ्ते सलमान खान की गैर-मौजूदगी में डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने 'वीकेंड का वार' होस्ट किया और इस दौरान उन्होंने की कंटेस्टेंट्स को निशाने पर लिया। खासतौर पर स्काउट ओपी और लव गिल को उन्होंने रियेलिटी चेक देकर दोनों को चौंका दिया। वहीं इस हफ्ते सलमान खान ने फिर वीकेंड का वार पर वापसी की। शनिवार के एपिसोड में उन्होंने स्काउट को गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी के सामने लव गिल का स्टैंड न लेने पर खरी-खोटी सुनाई। वहीं वीकेंड का वार के रविवार के एपिसोड में उन्होंने उस सदस्य के नाम का ऐलान किया, जिसका इस रियेलिटी शो से सफर खत्म हो गया। ये सदस्य कोई और नहीं बल्कि आसिफ खान निकले, जिनका 'बिग बॉस 20' से सफर खत्म हो गया है।

आसिफ खान शो से हुए बाहर

सलमान खान ने रविवार के वीकेंड का वार में बताया कि आसिफ खान का शो से सफर खत्म हो गया है। इस हफ्ते घर से बेघर होने के लिए 6 सदस्य नॉमिनेट थे, जिनमें आम्रपाली दुबे, अरिश्फा खान, स्काउट ओपी, उदिति सिंह, मनीष गोयल और आसिफ खान शामिल थे। इनमें से दो सदस्य ऐसे थे, जिनके पास एक-एक लाइफलाइन बची थी और आसिफ इन दो में से एक थे। ऐसे में एपिसोड के आखिरी में सलमान खान ने इस हफ्ते घर से बेघर होने वाले कंटेस्टेंट के तौर पर आसिफ खान का नाम लिया और बताया कि उन्हें इस हफ्ते सबसे कम वोट मिले थे।

आसिफ खान के पास बची थी एक ही लाइफलाइन

दरअसल, इस सीजन की थीम के अनुसार हर सदस्य को शो में अपनी जगह बनाए रखने के लिए 2 लाइफलाइन मिली हैं। एक लाइफलाइन के खत्म हो जाने पर सदस्य को दूसरा मौका मिलता है। आसिफ खान अपनी एक लाइफलाइन पहले ही खो चुके थे, ऐसे में जब इस हफ्ते उन्हें कम वोट मिले तो उनकी दूसरी लाइफलाइन भी इसी के साथ खत्म हो गई और वह शो से बाहर हो गए। जैसे ही होस्ट सलमान खान ने उनका नाम लिया, वह चौंक गए। अरिश्फा खान, यंग और स्काउट ओपी भी आसिफ खान के एविक्शन से काफी दुखी हो गए और रोने लगे। खासतौर पर स्काउट, आसिफ खान के एविक्शन से काफी मायूस हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे। घर से जाते-जाते आसिफ खान ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बीबी हेडलाइंस सुनाईं और वह खुद भी काफी भावुक हो गए।

कनिका मान बनीं इस हफ्ते की कैप्टेन

इस हफ्ते के कैप्टेंसी टास्क में सभी घरवालों को मात देते हुए कनिका मान ने अपनी जगह सिक्योर की और इस हफ्ते की नई कैप्टेन चुनी गईं। शो में उन्हें पहली बार ये जिम्मेदारी मिली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले एपिसोड्स में वह अपनी कैप्टेंसी में क्या कमाल दिखाती हैं और कैप्टेंसी के चलते घर के अन्य सदस्यों से उनके समीकरण बदलते हैं या नहीं। गौरतलब है कि बिग बॉस 20 के नए एपिसोड रात 9 बजे ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम किए जा सकते हैं। दर्शक रात 10:30 बजे कलर्स टीवी पर भी इसका प्रसारण देख सकते हैं।

ये भी पढ़ेंः अमिताभ बच्चन की बढ़ी सुरक्षा, जलसा के बाहर 'बुलेटप्रूफ ग्लास केबिन' में दिखे बिग बी, संडे दर्शन में किया फैंस का अभिवादन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।