रणबीर कपूर स्टारर 'रामायणः पार्ट 1' की रिलीज को अब महज 2 ही दिन बचे हैं। 5 नवंबर को ये मेगा बजट फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और दर्शकों की उत्सुकता का ठिकाना नहीं है। एडवांस बुकिंग से ही इस फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। 'रामायणः पार्ट 1' एडवांस बुकिंग में दुनियाभर में 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। इस बीच फिल्म निर्माता करण जौहर ने भी 'रामायण: पार्ट 1' पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'रामायण' पर संक्षिप्त रिव्यू साझा किया है। भले ही उन्होंने इस फिल्म के लिए लंबा-चौड़ा पोस्ट नहीं लिखा, लेकिन कम ही शब्दों में इसकी भव्यता का बखान कर दिया है।
करण जौहर ने किया 'रामायणः पार्ट 1' का रिव्यू
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' के हिंदी और भारत के थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस ने खरीदे हैं। ऐसे में उन्होंने फिल्म को लेकर रिव्यू साझा किया है और इस ओर इशारा किया है कि दिवाली पर ये फिल्म दर्शकों का रोमांच बढ़ाने वाली है। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर 'रामायण' पर अपने विचार साझा करते हुए, करण ने कहा कि वे फिल्म देखकर 'पूरी तरह हैरान' रह गए हैं। उन्होंने यह भी इशारा किया कि यह फिल्म दर्शकों के लिए दिवाली को बहुत ही ज्यादा खास बनाने वाली है।

'रामायण' को लेकर करण ने क्या कहा?
करण ने फिल्म के बारे में डिटेल में रिव्यू नहीं दिया है और न ही कुछ ज्यादा इसके बारे में बताया है। उन्होंने कम ही शब्दों में अपनी पूरी फीलिंग बयां की है। अपने पोस्ट में करण ने लिखा, 'मैं तो पूरी तरह हैरान रह गया! अब और कुछ नहीं कहूंगा! बस इतना कहूंगा कि यह दिवाली बहुत, बहुत शानदार और खुशियों भरी होने वाली है।' करण जौहर की इस प्रतिक्रिया से नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। यह उन भारतीय फिल्मों में से एक है, जिसका सिर्फ भारत में ही नहीं, विदेशी दर्शकों को भी बेसब्री से इंतजार है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश मुख्य भूमिकाओं में हैं
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित 'रामायण: पार्ट 1' की कास्ट की बात करें तो इस मोस्टअवेटेड फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण और सनी देओल बजरंगबली के रूप में नजर आएंगे। फिल्म में इन कलाकारों के अलावा भी कई अन्य जाने-माने कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। इसके विज़ुअल इफेक्ट्स लगातार चर्चा का विषय रहे हैं, जबकि ए.आर. रहमान और हंस ज़िमर द्वारा तैयार किया गया संगीत भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। 'रामायण: पार्ट 1' दुनिया भर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर, 2026 को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज़ होगी। दो भागों वाली इस महाकाव्य फिल्म का दूसरा हिस्सा दिवाली 2027 के दौरान रिलीज होने की उम्मीद है।