1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के सुकमा में CRPF जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर किया सुसाइड

छत्तीसगढ़ के सुकमा में CRPF जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर किया सुसाइड

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Sep 09, 2025 11:15 pm IST,  Updated : Sep 09, 2025 11:58 pm IST

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सीआरपीएफ के एक हेड कांस्टेबल ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार रात को उस समय हुई जब सीआरपीएफ की 219वीं बटालियन का एक दल इंजरम गांव स्थित अपने बटालियन मुख्यालय से गश्त पर निकला था। उन्होंने बताया कि गश्ती दल में शामिल हवलदार नीलेश कुमार गर्ग (42) ने एके-47 राइफल से खुद को गोली मार ली। 

एमपी के रहने वाले थे नीलेश कुमार गर्ग

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गर्ग पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के निवासी थे। उन्होंने बताया कि जवान ने यह कदम क्यों उठाया इस संबंध में जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के साथ ही, पिछले लगभग दो महीनों में राज्य में सात सुरक्षाकर्मी, जिनमें से तीन सीआरपीएफ के थे, आत्महत्या कर चुके हैं। 

177 सुरक्षाकर्मी कर चुके थे सुसाइड

सुकमा जिले के मिनपा शिविर में 23 अगस्त को ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ के एक आरक्षक ने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हाल में संपन्न छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में, राज्य सरकार ने बताया था कि राज्य में पिछले साढ़े छह वर्षों (2019 से 15 जून, 2025 के बीच) में 177 सुरक्षाकर्मियों ने पारिवारिक और व्यक्तिगत समस्याओं, शराब की लत और बीमारियों सहित विभिन्न कारणों से आत्महत्या की। इनमें से 26 जवान सीआरपीएफ के थे। सीआरपीएफ नक्सल विरोधी अभियानों के लिए दक्षिण छत्तीसगढ़ में तैनात है।

रायगढ़ जिले में महिला इंजीनियर ने लगाई फांसी

वहीं, रायगढ़ जिले में एक निजी इस्पात संयंत्र में कार्यरत 30 वर्षीय महिला इंजीनियर ने अपने छात्रावास के कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रायगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने बताया कि जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड, पतरापाली में सहायक महाप्रबंधक (अनुसंधान एवं विकास) के पद पर कार्यरत मोनालिसा नायक का शव सोमवार देर शाम कोटरा रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत कंपनी के गर्ल्स हॉस्टल स्थित उनके कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। ओडिशा के क्योंझर जिले की निवासी नायक ने बीएचयू से एमटेक किया था और पिछले चार वर्षों से जिंदल स्टील में कार्यरत थीं। उन्होंने बताया कि वह अविवाहित थीं। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

इनपुट- भाषा  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।