1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ः यूनिवर्सिटी के NSS कैंप में 159 छात्रों से जबरन नमाज पढ़ाने वाले प्रोफेसर नप गए, पुलिस ने किया अरेस्ट

छत्तीसगढ़ः यूनिवर्सिटी के NSS कैंप में 159 छात्रों से जबरन नमाज पढ़ाने वाले प्रोफेसर नप गए, पुलिस ने किया अरेस्ट

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 01, 2025 07:56 pm IST,  Updated : May 01, 2025 08:04 pm IST

बिलासपुर में गुरू घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के एनएसएस शिविर में नमाज पढ़वाने के मामले में पुलिस ने विश्वविद्यालय के प्राध्यापक दिलीप झा को गिरफ्तार कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के दौरान कुछ छात्रों से जबरन नमाज पढ़ने के मामले में गुरू घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी रश्मीत कौर चावला ने बताया कि कथित घटना को लेकर आठ लोगों के खिलाफ 26 अप्रैल को दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में प्रोफेसर दिलीप झा को सुबह गिरफ्तार किया गया।

प्रोफेसर पर लगा है ये आरोप

डीएसपी ने बताया कि दिलीप झा और बिलासपुर स्थित केन्द्रीय गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय के छह संकाय सदस्यों व एक छात्र नेता पर धर्म के आधार पर दो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और अन्य अपराधों के लिए भारतीय न्याय संहिता और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी व्यक्तियों ने 26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच जिले के कोटा थाना क्षेत्र के शिवतराई गांव में आयोजित एनएसएस शिविर के दौरान 31 मार्च को कथित रूप से 159 छात्रों को नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया, हालांकि उनमें से केवल चार ही मुस्लिम थे। 

जांच रिपोर्ट आने के बाद हुई कार्रवाई

छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद जांच शुरू की गई, जिसके बाद दक्षिणपंथी संगठनों ने भी आंदोलन किया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मामले की जांच के लिए सिटी पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) अक्षय सबदरा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम गठित की थी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर झा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

इन लोगों के खिलाफ दर्ज की गई थी एफआईआर

पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, कोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवतराई गांव में आयोजित एनएसएस कैंप में शामिल छात्रों को नमाज पढ़वाकर धार्मिक भावनाओं को आहत पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को प्रोफेसर दिलीप झा, डॉक्टर मधुलिका सिंह, डॉक्टर ज्योति वर्मा, डॉक्टर नीरज कुमारी, डॉक्टर प्रशांत वैष्णव, डॉक्टर सूर्यभान सिंह, डॉक्टर बसंत कुमार और टीम कोर लीडर छात्र आयुष्मान चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(पीटीआई इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।