1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. ट्रक में बना रखा था सीक्रेट चैंबर, छिपाकर ले जा रहा था 2.23 करोड़ का गांजा; पुलिस ने दबोचा

ट्रक में बना रखा था सीक्रेट चैंबर, छिपाकर ले जा रहा था 2.23 करोड़ का गांजा; पुलिस ने दबोचा

 Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 01, 2026 01:25 pm IST,  Updated : Sep 01, 2026 01:33 pm IST

कंटेनर ट्रक से 447 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 2.23 करोड़ रुपये आंकी गई है। गांजा चालक की सीट के ऊपर बने गुप्त चैंबर में छिपाकर रखा गया था।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PEXELS.COM

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से 447 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.23 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में पंजाब निवासी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने मंगलवार को बताया कि सोमवार शाम मध्य प्रदेश सीमा के पास चिल्फी थाना के सामने बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को पुलिस ने रोका।

संदिग्ध गतिविधियों के बाद ट्रक की तलाशी

ट्रक चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उससे पूछताछ की गई। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक की सीट के ऊपर ट्रक में विशेष रूप से बनाए गए एक गुप्त चैंबर का पता चला। इसमें खाकी रंग की टेप से लिपटे कई पैकेट छिपाकर रखे गए थे।

पुलिस ने पैकेटों को खोलकर जांच की तो उनमें कुल 447 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2.23 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया और ट्रक को कब्जे में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

पुलिस के अनुसार, कबीरधाम जिले की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का उद्देश्य गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाना है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।

केले से लदे ट्रक से 9 क्विंटल गांजा बरामद

कुछ महीने पहले, छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में केले से लदे ट्रक से 9 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त किया गया था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए गांजे की कीमत 4 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई थी।

ये भी पढ़ें-

15 दिन की थी अनुमति, उससे ज्यादा भारत में रुके; दिल्ली पुलिस ने दो बांग्लादेशी पकड़े

दिल्ली में आज बरसेंगे बादल, 15 से ज्यादा राज्यों में आंधी और लैंडस्लाइड का अलर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।