1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. केलों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे 9 क्विंटल गांजा, पुलिस ने पकड़ा, जानें कितनी है कीमत

केलों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे 9 क्विंटल गांजा, पुलिस ने पकड़ा, जानें कितनी है कीमत

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Apr 18, 2026 11:45 pm IST,  Updated : Apr 18, 2026 11:45 pm IST

पुलिस ने केले से भरे ट्रक से 29 बोरियों में छिपाकर रखा गया 912 किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया है। गांजे की ये तस्करी ओडिशा से यूपी के लिए की जा रही थी। इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है।

Mahasamund ganja seizure, Chhattisgarh drug bust, cannabis smuggling India- India TV Hindi
केले के बीच बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केले से लदे ट्रक से 9 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हए कहा कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए गांजे की कीमत 4 करोड़ रुपये से ज्यादा है। उन्होंने बताया कि बसना थाना क्षेत्र में वाहनों की नियमित तलाशी के दौरान पुलिस ने 912.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।

29 बोरियों में छिपाकर रखा गया था गांजा

पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि पड़ोसी राज्य ओडिशा की ओर से गांजा की तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर एक संदिग्ध ट्रक को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में लदे केलों के बीच 29 बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने पूर्वी सिंहभूम जिले के निवासी 42 वर्षीय अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया है। साथ ही ट्रक, गांजा और 4 फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त किए गए हैं।

पिछले 3 महीनों में 187 लोग हुए गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महासमुंद जिले में पिछले 3 महीनों के दौरान 72 मामलों में कुल 56 क्विंटल और 29 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। इस दौरान 187 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ के 52 और अन्य राज्यों के 135 आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में दर्ज 18 मामलों में जब्त 9 क्विंटल 99 किलोग्राम 200 ग्राम गांजा शुक्रवार को नष्ट किया, जिसकी कुल कीमत पांच करोड़ चार लाख 23 हजार 300 रुपये थी। अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले 11 अप्रैल को भी तीन मामलों में जब्त 996.660 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।