छत्तीसगढ़ के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को हवाई सर्वेक्षण किया। सीएम ने बताया कि पिछले सप्ताह राज्य के कई हिस्सों, खासकर बस्तर क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ प्रभावित इलाकों में 8 लोगों की मौत हो गई। बाढ़ से करीब 16 हजार लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सीएम साय ने सुकमा और बस्तर जिलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने और राहत शिविरों में रह रहे लोगों से मुलाकात करने के बाद बताया कि बाढ़ से 571 गांवों के 22,377 लोग प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में मीडिया से बातचीत में कहा, 'पिछले हफ्ते तीन-चार दिनों तक लगातार बारिश हुई, जिससे कई जिले प्रभावित हुए। सोमवार को मैंने सुकमा व बस्तर का दौरा किया और राहत शिविरों में प्रभावित लोगों से मुलाकात की।'
बनाए गए 173 राहत शिविर
उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों के रहने के लिए 173 राहत शिविर बनाए गए हैं। अब तक करीब 16 हजार लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सीए साय ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों का भी इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि 172 मवेशियों की भी जान गई है।
क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का किया जा रहा सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। सीएम साय ने बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार, 199 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि करीब 11 हजार मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 1.20 लाख रुपये का मुआवजा देगी।'
मुआवजे के चेक भी विरतिरत किए गए
मुख्यमंत्री ने बताया कि सोमवार को राहत शिविरों में कुछ प्रभावित लोगों को मुआवजे के चेक भी वितरित किए गए। सीएम साय ने कहा कि जिन लोगों के मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, उन्हें भी 'राजस्व पुस्तक परिपत्र' के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा, क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों को मुख्यमंत्री राहत कोष से अतिरिक्त 10 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। बाढ़ का पानी कम होने के बाद कृषि विभाग फसल के नुकसान का आकलन करेगा। (भाषा के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें:
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से रेल ट्रैक धंसी, आवागमन प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द