1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़: बीजापुर में नक्सलियों ने किया IED विस्फोट, चपेट में आया पिकअप वाहन, दो सुरक्षाकर्मी घायल

छत्तीसगढ़: बीजापुर में नक्सलियों ने किया IED विस्फोट, चपेट में आया पिकअप वाहन, दो सुरक्षाकर्मी घायल

 Published : Mar 23, 2025 10:07 pm IST,  Updated : Mar 23, 2025 10:15 pm IST

नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट से दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। सुरक्षाकर्मी जंगल से गश्त करके लौट रहे थे, तभी उनका वाहन आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आ गया।

नक्सलियों ने किया IED विस्फोट- India TV Hindi
नक्सलियों ने किया IED विस्फोट Image Source : FILE PHOTO

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को नक्सलियों ने सुरक्षाकर्मियों के एक वाहन को निशाना बनाकर आईईडी विस्फोट किया। नक्सलियों के आईईडी विस्फोट से दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि विस्फोट के कारण राज्य पुलिस की इकाई विशेष कार्य बल (STF) के दो जवान घायल हो गए। 

नक्सल विरोधी अभियान से लौट रही थी टीम

विस्फोट शाम करीब पौने छह बजे मद्देड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोरला नाले के पास हुआ। पुलिस ने कहा कि एसटीएफ की एक टीम नक्सल विरोधी अभियान के बाद पिकअप वाहन से लौट रही थी, उस दौरान ही यह विस्फोट हुआ। 

IED ब्लास्ट में दो सुरक्षाकर्मी घायल

नक्सलियों ने वाहन को निशाना बनाने के लिए विस्फोट किया, लेकिन विस्फोट कुछ दूरी पर हुआ। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'विस्फोट के कारण किसी वाहन या कर्मियों को कोई गंभीर क्षति नहीं हुई लेकिन एसटीएफ के दो कर्मी मामूली रूप से घायल हो गए।' 

खतरे से बाहर हैं दोनों घायल जवान

घायल जवानों को मद्देड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल भेज दिया गया। नक्सलियों के हमले से घायल हुए जवान अब खतरे से बाहर हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि नक्सलियों का पता लगाने के लिए इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।