1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. न्‍यूज
  4. छत्तीसगढ़: भिलाई इस्पात संयंत्र में गैस रिसाव से मचा हड़कंप, छह बीमार

छत्तीसगढ़: भिलाई इस्पात संयंत्र में गैस रिसाव से मचा हड़कंप, छह बीमार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 03, 2020 01:25 pm IST,  Updated : Jan 03, 2020 01:25 pm IST

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र में हुए गैस रिसाव के संपर्क में आने से छह अधिकारी और कर्मचारी प्रभावित हुए।

Bhilai Steel Plant- India TV Hindi
Bhilai Steel Plant

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भारतीय इस्पात प्राधिकरण की इकाई भिलाई इस्पात संयंत्र में हुए गैस रिसाव के संपर्क में आने से छह अधिकारी और कर्मचारी प्रभावित हुए। सभी की हालत खतरे से बाहर है। भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारियों ने बताया कि बीती रात संयंत्र में गैस रिसाव होने से राइट्स कंपनी के अभिषेक आनंद, के.नागराज, बालकृष्ण, संतोष कुमार और कालीदास तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के उप महाप्रबंधक राजेश कुमार प्रभावित हुए हैं। सभी प्रभावितों को भिलाई के पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में भर्ती कराया गया है। 

अधिकारियों ने बताया कि बीती देर रात लगभग दो बजे संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-8 के भीतर मटेरियल स्लीप हुआ जिससे फर्नेस के अंदर दबाव बढ़ने से यू-सील का ड्रेन पॉट खुल गया और गैस रिसाव होने लगा। गैस रिसाव से यू-सील के नीचे लोको में मौजूद तीन कर्मचारी जिसमें लोको ऑपरेटर और शंटिंग स्टॉफ शामिल हैं, वह भी प्रभावित हुए। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही संयंत्र के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पहुंचे और प्रभावितों को वहां से निकाला गया तथा उन्हें तत्काल संयंत्र के अंदर स्थित मेन मेडिकल पोस्ट-1 में उपचार के लिए ले जाया गया। 

अधिकारियों ने बताया कि प्रभावितों को निकालने के दौरान दो कर्मचारी भी गैस की चपेट में आए, वहीं रिसाव को रोकने वाले कार्य के प्रभारी राजेश कुमार को भी सिर में दर्द की शिकायत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि गैस रिसाव से प्रभावित सभी छह लोगों की स्थिति सामान्य बताई गई है। संयंत्र में गैस का रिसाव बंद कर दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें छत्तीसगढ़