1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने से पुलिसकर्मी की मौत, एक दिन पहले ही छुट्टी से वापस आया था

राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने से पुलिसकर्मी की मौत, एक दिन पहले ही छुट्टी से वापस आया था

 Published : Aug 16, 2024 08:10 pm IST,  Updated : Aug 16, 2024 08:10 pm IST

छत्तीसगढ़ में पिछले 7 महीनों में कम से कम यह छठा ऐसा मामला है जिसमें किसी सुरक्षाकर्मी द्वारा दुर्घटनावश गोली चली है और कुछ मामलों में तो जवानों की जान भी गई है।

Chhattisgarh, Chhattisgarh News, Chhattisgarh Policeman Dies- India TV Hindi
बीजापुर में राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने से एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में दुर्घटना के कारण गोली चलने से एक पुलिसकर्मी की मृत्यु हो गई। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में दुर्घटनावश गोली चलने से हेड कॉन्स्टेबल सन्नू हपका की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि भैरमगढ़ थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक (हेड कॉन्स्टेबल) सन्नू हपका शुक्रवार की सुबह लगभग 9 बजे अपने सर्विस राइफल की साफ-सफाई कर रहे थे तथी दुर्घटनावश गोली चल गई जो उनके सीने में जा लगी।

गुरुवार को ही छुट्टी से लौटे थे सन्नू हपका

अधिकारियों ने बताया कि घायल सन्नू को इलाज के लिए भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि प्रधान आरक्षक अपनी छुट्टी को पूरा करके गुरुवार को वापस थाना पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि आज गश्त देने के लिए राइफल जारी कराने के बाद वह इसकी सफाई के लिए थाने के पीछे भोजनालय की तरफ गए तभी यह घटना हुई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसा लगता है कि सफाई के दौरान दुर्घटनावश गोली चली। उन्होंने बताया कि भैरमगढ़ थाना में मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

7 महीनों में गोली चलने का छठा मामला

बता दें कि पिछले लगभग 7 महीनों में छत्तीसगढ़ में सुरक्षाकर्मियों से दुर्घटनावश गोली चलने का यह छठा मामला है। 5 अगस्त को धमतरी जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के शिविर में एक जवान अपनी सर्विस राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने से घायल हो गया था। 26 अप्रैल को राजधानी रायपुर में कांग्रेस के एक पूर्व विधायक के बंगले में कथित तौर पर गलती से बंदूक चल जाने से एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी तथा एक अन्य घायल हो गया था। 10 फरवरी को रायपुर रेलवे स्टेशन पर ऐसी ही एक घटना में रेलवे सुरक्षा विशेष बल (RPSF) के एक जवान की मौत हो गई थी और एक यात्री घायल हो गया था। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।