1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के राजिम कुंभ मेले में दुकानदार के साथ बदसलूकी, कारोबारी पर जातिगत टिप्पणी करने का आरोप

छत्तीसगढ़ के राजिम कुंभ मेले में दुकानदार के साथ बदसलूकी, कारोबारी पर जातिगत टिप्पणी करने का आरोप

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Feb 04, 2026 08:01 am IST,  Updated : Feb 04, 2026 08:06 am IST

राजिम कुंभ मेले में एक दुकानदार के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।

राजिम कुंभ मेले में दुकानदार के साथ बदसलूकी- India TV Hindi
राजिम कुंभ मेले में दुकानदार के साथ बदसलूकी Image Source : REPORTER

गरियाबंदः राजिम कुंभ मेले से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक जमीन कारोबारी पर ठेला दुकानदार के साथ जातिगत गाली-गलौज और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 

ठेला दुकानदार से बदसलूकी 

जानकारी के अनुसार, रायपुर के गोबरा  नवापारा निवासी जमीन कारोबारी अजय तिवारी ने राजिम कुंभ मेले में एक ठेला दुकानदार से बदसलूकी की। वायरल वीडियो में आरोपी दुकानदार से जबरन आईडी मांगते हुए और आपत्तिजनक जातिगत टिप्पणी करते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में आरोपी यह कहते हुए सुना जा सकता है— “ये पठान है, ये थूककर बेचते हैं”।

बताया जा रहा है कि यह घटना 1 फरवरी की है। शिकायतकर्ता शुभम शर्मा ने पुलिस को बताया कि आरोपी नशे की हालत में था और दुकानदार से गाली-गलौज कर रहा था। इस व्यवहार से आहत होकर उन्होंने राजिम थाने में शिकायत दर्ज कराई। राजिम पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

इस बीच, कांग्रेस ने आरोपी को भाजपा से जुड़ा बताते हुए सवाल उठाया है कि क्या मेले में व्यापार करने के लिए किसी प्रकार की आईडी अनिवार्य है। कांग्रेस ने दोषी पर सख्त कार्रवाई करने और कुंभ मेले में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि आरोपी अपनी गाड़ी पर “सभापति नगर पंचायत राजिम” लिखा हुआ घूमता है, जबकि वह नवापारा का निवासी बताया जा रहा है। इसको लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह पदनाम का दुरुपयोग है या लोगों को भ्रमित करने का प्रयास। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के तौर पर खंगाला जा रहा है।

रिपोर्ट- सिकंदर खान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।