1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. दुर्ग में मासूम बच्ची से रेप-मर्डर केस की जांच के लिए SIT का गठन, आरोपी का केस नहीं लड़ेंगे वकील

दुर्ग में मासूम बच्ची से रेप-मर्डर केस की जांच के लिए SIT का गठन, आरोपी का केस नहीं लड़ेंगे वकील

 Published : Apr 09, 2025 02:19 pm IST,  Updated : Apr 09, 2025 02:22 pm IST

दुर्ग में बच्ची के साथ रेप और मर्डर के मामले की जांच एसआईटी करेगी। सरकार ने आठ सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

दुर्गः छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में छह वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या के मामले की जल्द जांच के लिए आठ सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। इस मामले में बालिका के चाचा के पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।

एसआईटी में इन पुलिस अधिकारियों को किया गया शामिल

उन्होंने बताया कि दुर्ग की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू-महिलाओं के खिलाफ अपराध के लिए जांच इकाई) पद्मश्री तंवर की अध्यक्षता वाली एसआईटी में मोहननगर थाना प्रभारी शिवप्रसाद चंद्रा सहित सात अन्य सदस्य होंगे। अधिकारियों ने बताया कि एसआईटी प्रतिदिन कार्यवाही करते हुए जल्द से जल्द जांच पूरी कर अदालत में आरोप पत्र पेश करेगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, पर्यवेक्षण अधिकारी मामले की समय पर और त्वरित सुनवाई के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। रविवार को मोहन नगर इलाके में बालिका का यौन उत्पीड़न किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। 

चाचा पर यौन उत्पीड़न और हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, जब बालिका चैत्र नवरात्रि के नौवें दिन रामनवमी को कन्या पूजन के लिए पड़ोस में अपनी दादी के घर गई थी तब उसके 24 वर्षीय चाचा ने उसका यौन उत्पीड़न किया और उसकी हत्या कर दी। बाद में आरोपी ने शव को पड़ोसी की कार में रख दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को सामाजिक संगठनों के सदस्य सड़कों पर उतरे थे। वहीं विपक्षी दल कांग्रेस ने कई जिलों में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पुतले जलाए। विपक्षी कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के इस्तीफे की मांग की है। शर्मा के पास गृह विभाग भी है। 

आरोपी का केस नहीं लड़ेंगे वकील

दुर्ग जिला बार काउंसिल ने घोषणा की कि वह अदालत में आरोपियों की पैरवी नहीं करेगी। बालिका जिस यादव समुदाय से आती है, उसने घटना की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग की है। समुदाय ने दुर्ग कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर बालिका की मां के लिए 50 लाख रुपये की सहायता और उसके लिए सरकारी नौकरी की मांग भी की है।

इनपुट-भाषा  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।