1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ में नहीं रुक रहा जंगली हाथी का आतंक, हमले में एक और ग्रामीण की गई जान

छत्तीसगढ़ में नहीं रुक रहा जंगली हाथी का आतंक, हमले में एक और ग्रामीण की गई जान

 Published : Apr 03, 2025 04:44 pm IST,  Updated : Apr 03, 2025 04:44 pm IST

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक और ग्रामीण की मौत हो गई। पिछले 4 दिनों में हाथी का यह चौथा हमला है, जिसमें 4 लोग मारे गए हैं। पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी।

Chhattisgarh News, Balrampur, elephant attack, death- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में इन दिनों जंगली हाथी के कहर से लोग भयभीत हैं। Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक और ग्रामीण की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए गुरुवार को बताया कि घटना पस्ता थाना क्षेत्र के घाघरा गांव की है। उन्होंने बताया कि कोचली गांव निवासी दिनेश 3 अन्य गांववालों के साथ धान और मक्के की फसल की रखवाली करने घाघरा गांव गए थे तभी हाथी नेउन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान 3 अन्य ग्रामीण वहां से भाग गए, लेकिन दिनेश ऐसा नहीं कर पाए और हाथी ने उन्हें कुचलकर मार डाला।

‘4 दिनों में जंगली हाथी के हमले में 4 गांववालों की मौत’

अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर पुलिस और वन विभाग के दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी गई है। बता दें कि बलरामपुर जिले में पिछले 4 दिनों में जंगली हाथी के हमले में 4 गांववालों की मौत हो चुकी है। सोमवार रात हाथी ने जिले के रामानुजगंज इलाके में एक महिला समेत 2 लोगों को मार डाला था। वहींस बुधवार को हाथी ने शंकरगढ़ इलाके में जंगल में महुआ बीनने गई एक महिला को कुचल दिया था जिससे उसकी मौत हो गई थी।

‘गांवों में मुनादी कर लोकों को सतर्क रहने को कहा गया’

शंकरगढ़ इलाके के जंगल में महुआ बीनने गई महिला की पहचान गिधि पहाड़ी कोरवा के रूप में हुई है। उनके साथ और भी महिलाएं महुआ बीनने के लिए गई थीं लेकिन वे हाथी के प्रकोप से बचने में कामयाब रहीं। गिधि के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता दी गई थी और बाकी के 5.75 लाख रुपये औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की गतिविधि को देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कर लोकों को सतर्क रहने को कहा गया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाके के जिलों में जंगली हाथियों और मानव संघर्ष की लगातार खबरें आती रहती हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।