1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. अंकित बालियान हत्याकांड के बाकी 2 आरोपियों की तलाश तेज, पुलिस ने दोगुना कर 1 लाख किया इनाम

अंकित बालियान हत्याकांड के बाकी 2 आरोपियों की तलाश तेज, पुलिस ने दोगुना कर 1 लाख किया इनाम

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 04, 2026 03:02 pm IST,  Updated : Sep 04, 2026 03:04 pm IST

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस में बाकी 2 आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने अब आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके ऊपर रखा गया इनाम दोगुना कर दिया है।

Ankit Balian murder case- India TV Hindi
अंकित बालियान हत्याकांड में बाकी 2 आरोपियों की खोज तेज हो गई है। Image Source : ANI/ANKIITBALIYANN (INSTAGRAM)

यूपी में शामली की पुलिस ने हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान के मर्डर के मामले में अब भी फरार चल रहे 2 कथित शूटरों की खोज तेज कर दी है। साथ ही उनको अरेस्ट कर लेने के लिए खबर देने पर इनाम दोगुना कर 1 लाख रुपये कर दिया है। शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि 2 वांटेड आरोपियों, जिनकी पहचान हरियाणा के आर्यन और सत्यम के तौर पर हुई है, उनके ऊपर रखा गया इनाम डबल कर दिया गया है।

50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख किया गया इनाम

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों पर पहले 50 हजार रुपये के इनाम का ऐलान किया गया था, जिसको बढ़ाकर अब 1 लाख रुपये कर दिया गया है। एसपी सिंह ने कहा, 'पुलिस टीम ने बाकी के 2 आरोपियों की सर्च तेज कर दी है। अलग-अलग जगहों पर संदिग्ध ठिकानों पर रेड की जा रही है।'

जिम के बाहर अंकित को मारी गई थी गोली

गौरतलब है कि 32 साल के अंकित बालियान का बीते 26 अगस्त को शामली में एक जिम के बाहर गोली मारकर मर्डर कर दिया गया था। पुलिस ने पहले बताया था कि जब वह अपनी कार की तरफ बढ़ रहे थे तो 2 बाइक पर आए 4 हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।

अंकित को मारने वाले 2 शूटर किए जा चुके हैं ढेर

शामली पुलिस ने कहा था कि 31 अगस्त को शामली में पुलिस के साथ एनकाउंटर में इस वारदात के 2 संदिग्ध शूटर मोहित और सुमित ढेर किए गए थे। उनके पास से 3 पिस्तौल और 26 कारतूस बरामद हुए थे। इस मर्डर को उत्तर प्रदेश के DGP राजीव कृष्ण ने 'पूर्व नियोजित साजिश' बताया था।

अलग-अलग ठिकानों पर पुलिस कर रही रेड

सूत्रों ने बताया कि पुलिस बाकी आरोपियों का पता लगाने के लिए यूपी और दूसरे राज्यों में रेड कर रही है। हत्या से पहले और बाद में उनकी एक्टिविटीज की भी पड़ताल हो रही है। वहीं, सिंगर के परिजनों ने मुठभेड़ में 2 संदिग्धों के मारे जाने का स्वागत किया था, लेकिन ये भी डिमांड की थी कि बाकी आरोपियों को भी 'खत्म' कर दिया जाए।

केंद्रीय मंत्री ने अंकित के परिवार से की थी मुलाकात

केंद्रीय मंत्री और RLD चीफ जयंत चौधरी ने एनकाउंटर के बाद अंकित बालियान की फैमिली से मुलाकात की थी। साथ ही, कानूनी और पुलिस व्यवस्था में भरोसा रखने का आह्वान किया था। सपा के चीफ अखिलेश यादव ने भी शोक संतप्त परिवार से बातचीत की थी और अपनी पार्टी की तरफ से सपोर्ट जताया था। वहीं, पुलिस का कहना है कि हत्या के इस मामले की जांच जारी है।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान को लगीं 9 गोलियां, 4 तो बॉडी के आर-पार हो गईं; पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।