1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. रील बनाने के चक्कर में फंदे से लटककर महिला की मौत, 4 साल की बेटी मोबाइल से रिकॉर्ड कर रही थी फांसी लगाने का सीन

रील बनाने के चक्कर में फंदे से लटककर महिला की मौत, 4 साल की बेटी मोबाइल से रिकॉर्ड कर रही थी फांसी लगाने का सीन

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Feb 08, 2026 12:27 pm IST,  Updated : Feb 08, 2026 12:35 pm IST

मासूम बच्ची के सामने महिला की मौत से कई सवाल खड़े हुए हैं। महिला ने गूगल पर फांसी के फंदे का तरीका भी खोज रही थी। बेटी मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रही थी, तभी साड़ी से फांसी का फंदा लगाने से महिला की मौत हो गई।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FREEPIK

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां बबेरू कस्बा के करुइहा पुरवा में फांसी का दृश्य दिखाने के लिए रील बनाने के चक्कर में एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत अपनी चार की बेटी के सामने हुई है। बबेरू क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) सौरभ सिंह ने रविवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार की है। 

रील के लिए फांसी लगाने का दृश्य बनाया

पुलिस ने कहा कि बबेरू कस्बे के करुइहा पुरवा मोहल्ले में 27 वर्षीय मोहिनी की फंदे से लटककर मौत हो गई। उसके शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। सीओ सौरभ सिंह ने कहा, 'प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि महिला ने एक रील के लिए फांसी का दृश्य दोहराने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान वह बेहोश हो गई और बाद में उसकी मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।' 

गूगल में खोजा फांसी लगाने का तरीका

उन्होंने बताया कि महिला के मोबाइल फोन की जांच से पता चला कि वह 'गूगल' और 'फेसबुक' में बार बार फंदा लगाने के तरीके खोज रही थी। घटना के समय मौके पर मौजूद महिला की चार साल की बेटी ने भी यही बात बताई। बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने उसे इसका वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए कहा था। 

बेटी कर रही थी मोबाइल से रिकॉर्डिंग

मोहिनी के पति ने अपनी बेटी के बयान की पुष्टि करते हुए पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने बेटी को मोबाइल देकर वीडियो बनाने के लिए कह दिया और वह साड़ी का फंदा बनाकर फांसी का रील बनाने लगी। अधिकारी ने बताया कि मोहिनी के बेहोश होने पर बच्ची रोने लगी, जिसकी आवाज सुनकर पड़ोसियों ने उसे फंदे से उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।