1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. यूपी: सहारनपुर में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, ट्रक ड्राइवर और क्लीनर की गोली मारकर हत्या

यूपी: सहारनपुर में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, ट्रक ड्राइवर और क्लीनर की गोली मारकर हत्या

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Nov 09, 2024 05:15 pm IST,  Updated : Nov 09, 2024 06:27 pm IST

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक ट्रक ड्राइवर और क्लीनर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से हड़कंप मच गया है।

up double murder- India TV Hindi
सहारनपुर में डबल मर्डर से हड़कंप

यूपी के सहारनपुर में दिनदहाड़े डबल मर्डर से हड़कंप मच गया है। खुलेआम अपराधियों ने एक ट्रक ड्राइवर और क्लीनर की गोली मारकर हत्या कर दी है। हाईवे के पास सड़क किनारे ड्राइवर और क्लीनर, दोनों के शव ट्रक में ही पड़े मिले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। जानकारी के मुताबिक ड्राइवर और क्लीनर ट्रक लेकर पंजाब से रुड़की जा रहे थे। ड्राइवर का नाम शोएब  है जो सहारनपुर के गंगोह का रहने वाला है, जबकि क्लीनर का नाम दानिश है जो हरिद्वार के भगवानपुर का रहने वाला है। यह घटना थाना नागल क्षेत्र के लाखनौर के पास हुई है।

जानकारी के मुताबिक कार सवार कुछ लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। अबतक हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। ड्राइवर और क्लीनर, दोनों को तीन-तीन गोलियां मारी गई हैं। घटना के बाद से मृतक कई घंटे से ट्रक में पड़े हुए थे। लोगों ने घटना की जानकारी दी तो पुलिस ने दोनों के शवों को वहां हटाया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची है।पुलिस के अनुसार, मामले की छानबीन की जा रही है।

ड्राइवर शोएब की डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

मृतक शोएब ट्रक का ड्राइवर था, जो पंजाब के रोपड़ में अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री से माल लेकर आ रहा था। वह यहां पर पिछले तीन साल से काम कर रहा था। शोएब की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी का नाम रेशमा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद शोएब के जीजा सिकंदर ने बताया कि हमें एक घंटे पहले पता चला कि उनको गोली मार दी गई। किसने गोली मारी अबतक हमें नहीं पता। उन्होंने बताया कि उनके साले शोएब की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, अब पता नहीं किसने गोली मार दी।

(सहारनपुर से खालिद हसन की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।