1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पिता ने दो वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्‍या की, गिरफ्तार

पिता ने दो वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्‍या की, गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 01, 2021 08:45 pm IST,  Updated : Mar 01, 2021 08:45 pm IST

गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय एक युवक ने अपनी दो साल की बेटी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्‍या कर दी और शव अपनी बड़ी बेटी को सौंप दिया।

Father strangles two-year-old daughter to death, arrested- India TV Hindi
गोरखपुर में 28 वर्षीय एक युवक ने अपनी दो साल की बेटी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्‍या कर दी। Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE (PTI)

लखनऊ: गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय एक युवक ने अपनी दो साल की बेटी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्‍या कर दी और शव अपनी बड़ी बेटी को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि लड़की की मां की लिखित शिकायत पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर के मुताबिक आरोपी रमेश शराब का आदी है और नशे में अपनी पत्‍नी के साथ मारपीट करता था। उसकी हरकतों से तंग आकर उसकी पत्‍नी अपने तीन बच्‍चों काजल (आठ) प्रिंस (पांच) और श्रेया (दो) के साथ अपने पिता के यहां बैजनाथपुर आई थी।

पुलिस के अनुसार रमेश ईट भट़टे पर काम करता है, रविवार को काजल की तबियत ठीक नहीं थी, इस सूचना पर वह मोटरसाइकिल से आया और तीनों बच्‍चों को अपने साथ ले गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बताया कि सोमवार सुबह उसने अपनी बड़ी बेटी काजल और प्रिंस को वापस पहुंचा दिया, तब काजल की गोद में श्रेया का शव था। 

काजल ने पुलिस को बताया कि रमेश उन लोगों को कई स्‍थानों पर ले गया और रात में एक बाग में उसने श्रेया का गला दबााकर हत्‍या कर दी। काजल ने पुलिस को बताया कि उसके पिता कहते हैं कि श्रेया उनकी बेटी नहीं है। चिलुआताल के थानाध्‍यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि हत्‍या और धमकी की धाराओं में दर्ज मुकदमे के तहत रमेश को गिरफ्तार किया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वहीं प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में कथित रूप से शराब के नशे में एक युवक ने घरेलू विवाद में अपनी मां की डंडे से पिटाई कर दी जिससे उनकी मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने बताया कि थाना रोजा अंतर्गत पिंग रामापुर गांव में रहने वाला दिनेश शराब पीने का आदती है, आज सुबह ही दिनेश ने अत्यधिक मात्रा में शराब पी ली तथा नशे में भाई की पत्नी से उसका विवाद हो गया। 

उन्होंने बताया कि विवाद बढ़ने पर आरोपी दिनेश डंडा लेकर जब अपने भाई की पत्नी को मारने दौड़ा तो उसकी मां राजेश्वरी बीच-बचाव करने आ गई, गुस्से में आरोपी ने मां पर डंडे से कई प्रहार कर दिए जिससे वह घायल हो गई। कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायल महिला को जिला अस्पताल भेजा जहां आज शाम को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।