1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. महिला ने पहले अपने 4 साल के बेटे को मार डाला, फिर शव बैग में लेकर टैक्सी में घूमती रही, पुलिस ने बताया कैसे खुला राज

महिला ने पहले अपने 4 साल के बेटे को मार डाला, फिर शव बैग में लेकर टैक्सी में घूमती रही, पुलिस ने बताया कैसे खुला राज

 Reported By: T Raghavan Written By: Mangal Yadav
 Published : Jan 09, 2024 03:28 pm IST,  Updated : Jan 09, 2024 06:23 pm IST

गोवा पुलिस ने अपने चार साल के बेटे की हत्या की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर और उसे मापुसा अदालत में पेश किया। पुलिस ने बच्चे के पिता को भी मामले की जानकारी दी है। वह अभी विदेश में हैं।

बेटे की हत्या की आरोपी महिला- India TV Hindi
बेटे की हत्या की आरोपी महिला Image Source : ANI

गोवा में चार साल के अपने ही बेटे की मर्डर करने वाली महिला को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को मापुसा कोर्ट में पेश किया गया। बच्चे की हत्या के मामले में उत्तरी गोवा के एसपी निधिन वलसन ने कहा कि एक महिला ने होटल स्टाफ से बेंगलुरु के लिए टैक्सी की व्यवस्था करने को कहा। चेकआउट के बाद जब होटल स्टाफ कमरे की सफाई करने गया तो उन्हें लाल रंग के धब्बे दिखे, जिसे देखकर उन्हें लगा कि यह खून है। स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस होटल पहुंची और ड्राइवर के जरिए महिला से संपर्क करने की कोशिश की। 

पुलिस को गुमराह भी किया

पुलिस ने महिला से उसके बेटे के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि बच्चा अपने एक दोस्त के यहां रह रहा है। महिला द्वारा दिया गया घर का पता फर्जी निकला। ड्राइवर को कार को पुलिस स्टेशन ले जाने के लिए कहा गया। महिला के सामान की जांच करने पर पुलिस को बच्चे का शव मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसके बाद कोर्ट में पेश किया।

एक कंपनी में सीईओ है आरोपी महिला

बता दें कि एक स्टार्ट-अप कंपनी की 39 वर्षीय महिला सीईओ ने अपने चार वर्षीय बेटे की कथित तौर पर गोवा में हत्या कर दी और फिर शव को लेकर पड़ोसी राज्य कर्नाटक पहुंच गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोवा पुलिस ने आरोपी सूचना सेठ को रविवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग से गिरफ्तार कर लिया। ऑनलाइन पेशेवर मंच ‘लिंक्डइन’ पर सेठ के पेज के अनुसार, वह स्टार्ट-अप कंपनी ‘माइंडफुल एआई लैब’ की सीईओ हैं और 2021 के लिए ‘एआई एथिक्स’ में शीर्ष 100 प्रतिभाशाली महिलाओं में से एक रही थीं।

6 जनवरी को गोवा पहुंची थी महिला

कलंगुट पुलिस थाने के निरीक्षक परेश नाइक ने बताया कि आरोपी महिला छह जनवरी को अपने बेटे के साथ उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में एक किराए के फ्लैट में पहुंची थी। उन्होंने बताया कि दो दिन वहां रहने के बाद, उसने फ्लैट के कर्मचारियों को कहा कि उसे कुछ काम के लिए बेंगलुरु जाना है। उसने उन्हें टैक्सी की व्यवस्था करने को भी कहा। नाइक ने कहा, ‘‘कर्मचारियों ने महिला से कहा कि वह बेंगलुरु के लिए उड़ान ले सकती हैं क्योंकि टैक्सी से जाना महंगा रहेगा। आरोपी ने जोर देकर कहा कि वह टैक्सी से ही जाएगी।  

बच्चे के पिता को पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस निरीक्षक ने आरोपी महिला को कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले के नजदीकी पुलिस थाने ले जाने को कहा। नाइक ने बताया चित्रदुर्ग में पुलिस ने महिला के बैग की तलाशी ली तो उसमें उन्हें बच्चे का शव मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के पति वेंकट रमन को घटना की जानकारी दे दी है। वह इस समय जकार्ता में हैं।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।