1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. महाराष्ट्र: महिला और उसके प्रेमी की हत्या के मामले में ससुराल वाले गिरफ्तार

महाराष्ट्र: महिला और उसके प्रेमी की हत्या के मामले में ससुराल वाले गिरफ्तार

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 30, 2020 03:00 pm IST,  Updated : Oct 30, 2020 03:00 pm IST

महाराष्ट्र के जालना जिले में महिला और उसके कथित प्रेमी की हत्या करने के मामले में महिला के दो ससुराल वालों को गिरफ्तार किया गया है।

महाराष्ट्र: महिला और उसके प्रेमी की हत्या के मामले में ससुराल वाले गिरफ्तार- India TV Hindi
महाराष्ट्र: महिला और उसके प्रेमी की हत्या के मामले में ससुराल वाले गिरफ्तार Image Source : PTI

जालना (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के जालना जिले में महिला और उसके कथित प्रेमी की हत्या करने के मामले में महिला के दो ससुराल वालों को गिरफ्तार किया गया है। ओरोपियों को दोनों के बीच ‘‘अवैध संबंध’’ होने का संदेह था। अम्बाद पुलिस थाने के निरीक्षक अनिरुद्ध नांदेड़कर ने बताया कि घनसावंगी तहसील के चपलगांव के निवासी आरोपियों बैठवेल सम्पत लालजारे और उसके बेटे विकास लालजारे को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। 

उन्होंने बताया कि बैठवेल सम्पत लालजारे महिला का ससुर और विकास उसके पति का भाई है। पुलिस ने बताया कि महिला (32) के पति का 10 साल पहले निधन हो गया था और वह अपने ससुराल वालों के साथ रहती थी। महिला के उसके ही गांव के एक शादीशुदा व्यक्ति के साथ कथित प्रेम संबंध थे। उसके ससुरालवाले उनके रिश्तों के खिलाफ थे और उन्होंने महिला के प्रेमी को धमकाया भी था। 

उन्होंने बताया कि महिला के प्रेमी ने अम्बाद थाने और जिला एसपी के पास बाप-बेटे के खिलाफ शिकायत भी की थी और दावा किया था कि उनसे उसकी जान को खतरा है। अधिकारी ने बताया कि 30 मार्च को महिला और उसका प्रेमी भागकर गुजरात चले गए थे। महिला के परिवार ने उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। गत 22 अप्रैल को पुलिस उन्हें वापस लाई और तभी से वे गांव में साथ रह रहे थे। 

अधिकारी ने बताया कि दोनों 28 अक्टूबर को मोटरसाइकिल से पास के एक गांव में किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी विकास ने उन्हें ट्रैक्टर से कथित तौर पर कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। 

उन्होंने बताया कि मृतक शख्स की पत्नी ने विकास और उसके पिता पर अपने पति और उनकी प्रेमिका की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस निरीक्षक नांदेड़कर ने कहा, ‘‘हमने भादंवि की धारा 302 के तहत विकास और उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आगे की जांच जारी है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।