1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दहेज उत्पीड़न: ससुरालियों की क्रूरता की शिकार विवाहिता की मौत, पति ने गले में फंदा डालकर की थी मारपीट

दहेज उत्पीड़न: ससुरालियों की क्रूरता की शिकार विवाहिता की मौत, पति ने गले में फंदा डालकर की थी मारपीट

 Published : Sep 20, 2024 11:49 pm IST,  Updated : Sep 20, 2024 11:49 pm IST

नैना के पति वरुण ने उसके गले में फंदा डालकर उसका गला घोंट दिया और सास-ससुर ने भी उसके साथ मारपीट की थी। घटना की सूचना पाकर जब नैना का भाई दीपक जनपद हापुड़ से नोएडा पहुंचा तो उसे पता चला कि उसकी बहन को नोएडा के सेक्टर 62 स्थिति फोर्टिस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में दहेज की मांग को लेकर ससुराल वालों की क्रूरता की शिकार विवाहिता ने 40 दिन बाद शुक्रवार शाम को यहां के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अपर पुलिस आयुक्त मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि इस मामले में सुसंगत धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। महिला की मौत के बाद उसके परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया।

परिजनों का आरोप है कि इस मामले में ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ 10 अगस्त को मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। इस मामले को लेकर परिजनों ने बृहस्पतिवार को सहायक पुलिस आयुक्त से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी।

2018 में हुई थी शादी

जनपद हापुड़ के ग्राम नयावास सिंघाड़ा निवासी दीपक पुत्र तिलक सिंह ने 10 अगस्त को थाना सेक्टर 113 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन नैना की शादी वर्ष 2018 में ग्राम सोरखा निवासी वरुण पुत्र महेंद्र से हुई थी। दीपक के अनुसार उसके परिवार ने शादी में 25 लाख रुपये खर्च किए थे। दीपक का आरोप है कि शादी के समय से ही उसकी बहन के ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे हैं। उनके अनुसार दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों ने 10 अगस्त को नैना के साथ मारपीट की। उसने कहा कि नैना के सिर पर गंभीर रूप से चोट पहुंचाई गई जिसकी वजह से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई।

दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या की कोशिश

दीपक ने आरोप लगाया कि नैना के पति वरुण ने उसके गले में फंदा डालकर उसका गला घोंट दिया और सास-ससुर ने भी उसके साथ मारपीट की थी। घटना की सूचना पाकर जब वह जनपद हापुड़ से नोएडा पहुंचा तो उसे पता चला कि उसकी बहन को नोएडा के सेक्टर 62 स्थिति फोर्टिस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। दीपक का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी बहन से उसके पति वरुण, सास, ससुर महेंद्र, ननद आंचल, जेठ पवन, चचिया ससुर देवेंद्र ने मारपीट कर उसकी हत्या करने का प्रयास किया।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। दीपक के अनुसार शुक्रवार की शाम को उपचार के दौरान उसकी बहन की मौत हो गई। (भाषा इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।