नई दिल्ली: उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में चरित्र पर संदेह और शराब की लत के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका की पहचान पूनम (26) के रूप में हुई है। बुधवार शाम को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सोनिया विहार स्थित एक घर में एक महिला बेहोश पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पूनम को लहूलुहान और गंभीर हालत में पाया। उसे तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "शुरुआती जांच में पाया गया कि महिला के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।"
सिर दीवार पर मारा, फिर फर्श पर पटका
प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि आरोपी पति रूपक ने झगड़े के दौरान अपनी पत्नी पर हमला किया। सूत्रों ने बताया कि आरोपी ने महिला की बेरहमी से पिटाई की और उसका सिर दीवार पर दे मारा और फिर उसे फर्श पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
पुलिस ने बताया कि दंपति की शादी को करीब पांच साल हो चुके थे और वे अपने तीन साल के बच्चे के साथ रहते थे। वे करीब एक साल पहले ही सोनिया विहार इलाके में रहने आए थे। सूत्रों ने बताया कि दंपति के बीच अक्सर विवाद होता था, जिनका कारण पति की शराब की लत और पत्नी के चरित्र पर उसका संदेह था।
ये भी पढ़ें-
कोलकाता में EVM पर जमकर मचा बवाल, BJP-TMC नेता आमने-सामने; चुनाव आयोग ने आरोपों पर दिया जवाब