1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. उत्तर प्रदेश: सात साल की बच्ची से बलात्कार के आरोप में छात्र गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश: सात साल की बच्ची से बलात्कार के आरोप में छात्र गिरफ्तार

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 06, 2020 01:46 pm IST,  Updated : Nov 06, 2020 01:46 pm IST

बांदा जिले की मरका थाना पुलिस ने सात साल की बच्ची के साथ कथित रूप से बलात्कार करने के आरोप में गुरुवार को बारहवीं कक्षा के छात्र को गिरफ्तार कर लिया।

उत्तर प्रदेश: सात साल की बच्ची से बलात्कार के आरोप में छात्र गिरफ्तार- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश: सात साल की बच्ची से बलात्कार के आरोप में छात्र गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बांदा (उत्तर प्रदेश): जिले की मरका थाना पुलिस ने सात साल की बच्ची के साथ कथित रूप से बलात्कार करने के आरोप में गुरुवार को बारहवीं कक्षा के छात्र को गिरफ्तार कर लिया। मरका थाना पुलिस ने शुक्रवार को बताया, ‘‘सात साल की बच्ची से कथित रूप से बलात्कार की घटना तीन नवंबर की शाम करीब चार बजे घटी थी। उस समय बच्ची के सभी परिजन खेत में काम कर रहे थे और वह दरवाजे पर अकेली खेल रही थी।’’ 

गुरुवार को दर्ज की गई प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने बताया, ‘‘बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाला बच्ची का पड़ोसी छात्र मोहित (19) उसे फुसलाकर अपने घर ले गया और वहां कथित रूप से उसके साथ बलात्कार किया।’’ उन्होंने बताया, ‘‘लड़की के परिजन ने थाने में कोई शिकायत नहीं दर्ज करवाई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक के आदेश पर बलात्कार संबंधी आईपीसी के प्रावधान और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।"

उन्होंने बताया कि आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। वहीं, पीड़ित लड़की के पिता ने दावा किया कि घटना की शाम थाने में शिकायती पत्र दिया गया था, लेकिन जांच करने की बात कहकर पुलिस ने घर लौटा दिया था। 

बच्ची के पिता ने आरोप लगाया, ‘‘पुलिस में शिकायत करने से नाराज आरोपी के परिजन ने चार नवंबर की शाम उनके घर पर हमला बोल दिया था, तब पुलिस अधीक्षक से शिकायत किये जाने के बाद गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई की।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।