1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. मां और बहन का कत्ल करने के बाद महिला डॉक्टर ने किया आत्महत्या का प्रयास, अस्पताल में भर्ती

मां और बहन का कत्ल करने के बाद महिला डॉक्टर ने किया आत्महत्या का प्रयास, अस्पताल में भर्ती

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 22, 2021 08:56 pm IST,  Updated : Aug 24, 2021 02:01 pm IST

सूरत में एक डॉक्टर ने आत्महत्या करने के प्रयास में अधिक नींद की गोलियां खाने से पहले कथित तौर पर अपनी मां और बहन को नशीली दवाओं के इंजेक्शन लगाकर मार डाला। हालांकि, आरोपी बच गई।

मां और बहन का कत्ल करने के बाद महिला डॉक्टर ने किया आत्महत्या का प्रयास, अस्पताल में भर्ती- India TV Hindi
मां और बहन का कत्ल करने के बाद महिला डॉक्टर ने किया आत्महत्या का प्रयास, अस्पताल में भर्ती

सूरत (गुजरात): सूरत में एक डॉक्टर ने आत्महत्या करने के प्रयास में अधिक नींद की गोलियां खाने से पहले कथित तौर पर अपनी मां और बहन को नशीली दवाओं के इंजेक्शन लगाकर मार डाला। हालांकि, आरोपी बच गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि डॉ दर्शना प्रजापति (30) ने शनिवार की रात कटग्राम इलाके में अपनी मां मंजुलाबेन (59) और बहन फाल्गुनी (28) को नशीली दवाओं का इंजेक्शन लगाया, जिससे रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। 

अधिकारी ने बताया कि उसने बड़ी संख्या में नींद की गोलियां खाकर अपनी जान देने का भी प्रयास किया लेकिन वह बच गई। फिलहाल, उसका सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।’’ सहायक पुलिस आयुक्त (डी-प्रभाग) डीजे चावड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मंजुलाबेन और फाल्गुनी दोनों की मौत अधिक मात्रा में ड्रग लेने के कारण हुई, जबकि डॉ दर्शना का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।’’ 

डॉ दर्शना ने पुलिस को बताया कि वह अपनी जिंदगी से तंग आ चुकी है। चावड़ा ने कहा, ‘‘क्योंकि उसकी मां और बहन उस पर निर्भर थीं, इसलिए वह खुद को मारने से पहले उनकी जान लेना चाहती थी। उसने कहा कि उसने उन्हें नींद की दवा का इंजेक्शन लगाया था।’’ 

डॉ दर्शना अपनी मां, बहन, भाई और भाभी के साथ चौकबाजार थाना क्षेत्र के कतरगाम मोहल्ले के सहजानंद सोसाइटी में रह रही थी। घटना के वक्त उसका भाई और भाभी घर से बाहर थे। उन्होंने कहा, ‘‘शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने डॉक्टर का बयान दर्ज कर लिया है। विस्तृत जांच चल रही है।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।