1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. स्नेपचैट की दोस्त को मारने के इरादे से पहुंचा युवक, गलती से दूसरी महिला को मार डाला

स्नेपचैट की दोस्त को मारने के इरादे से पहुंचा युवक, गलती से दूसरी महिला को मार डाला

 Published : Apr 06, 2023 01:41 pm IST,  Updated : Apr 06, 2023 01:41 pm IST

वह वास्तव में एक दूसरी महिला को मारने के लिए आया था जो स्नैपचैट पर उसकी दोस्त बनी थी और रिलेशनशिप के उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। मृतका श्रीदेवी उसकी दोस्त के घर बाई का काम करती थी।

स्नेपचैट की दोस्त को मारने के इरादे से पहुंचा युवक, गलती से दूसरी महिला को मार डाला- India TV Hindi
स्नेपचैट की दोस्त को मारने के इरादे से पहुंचा युवक, गलती से दूसरी महिला को मार डाला Image Source : FILE

Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर अम्बेडकर कोनसीमा जिले में स्नैपचैट पर बनी अपनी दोस्त को मारने के इरादे से आए एक युवक ने उसके संदेह में दूसरी महिला को गला काटकर मार डाला। नेल्लोर जिले के 25 वर्षीय कोटा हरिकृष्णा ने कोनसीमा जिले के अमलपुरम शहर में 4 अप्रैल को एक महिला पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। 

वह वास्तव में एक दूसरी महिला को मारने के लिए आया था जो स्नैपचैट पर उसकी दोस्त बनी थी और रिलेशनशिप के उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। मृतका श्रीदेवी उसकी दोस्त के घर बाई का काम करती थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरिकृष्णा और नागदुर्गा की पांच महीने पहले स्नैपचैट पर दोस्ती हुई थी। वे अक्सर फोन पर बातें किया करते थे। युवक नागदुर्गा पर रिलेशनशिप का दबाव डालने लगा। 

नागदुर्गा पहले से शादीशुदा थी। उसने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया और उससे बात बंद कर दी। इस बात से नाराज हरिकृष्णा उसका कत्ल करने के इरादे से अमलपुरम आ गया। महिला ने चैटिंग के दौरान युवक को अपने घर का पता दिया था। उसने अपनी मां की फोटो भी उसे भेजी थी। हरिकृष्णा ने नागदुर्गा के घर की छत पर उसकी मां वेंकटरमना और एक अन्य महिला को देखा। 

उसने दूसरी महिला को नागदुर्गा समझकर उसके गले पर चाकू से वार कर दिया, जो वास्तव में श्रीदेवी थी। यह देखकर वेंकटरमना चीखती हुई छत से नीचे उतरने लगी। तभी युवक ने पीछे से चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया। श्रीदेवी की मौके पर ही मौत हो गई। वेंकटरमना को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी वहां पहुंच गए। उन्होंने हरिकृष्णा को पकड़कर उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।