1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. भाजपा पर लगा दिल्ली में हुए जल संकट का आरोप, संजय सिंह बोले- यह प्रयोजित है

भाजपा पर लगा दिल्ली में हुए जल संकट का आरोप, संजय सिंह बोले- यह प्रयोजित है

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jun 17, 2024 06:44 pm IST,  Updated : Jun 17, 2024 06:44 pm IST

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने सोमवार को भाजपा पर आरोप लगाया किय दिल्ली का जल संकट भाजपा द्वारा प्रायोजित है। इसे भाजपा द्वारा जानबूझकर पैदा किया गया है। दरअसल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने यह बयान दिया।

aap leader sanjay singh accused BJP for delhi water crisis said it is planned- India TV Hindi
संजय सिंह Image Source : PTI

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सोमवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में जल संकट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा ‘‘जानबूझकर उत्पन्न किया गया’’ है। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। इन आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। सिंह ने कहा, "हमारा मानना ​​है कि प्यासे को पानी पिलाने से ज्यादा पुण्य का काम नहीं होता और पानी रोकने से बड़ा कोई पाप नहीं है।" 

संजय सिंह ने लगाया भाजपा पर आरोप

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पिछले कई दिनों से दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रायोजित जल संकट है। जब मैं कह रहा हूं कि यह भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रायोजित जल संकट है, तो मैं आपको बताना चाहता हूं कि भाजपा के लोग चाहते हैं कि दिल्ली के लोगों को पानी न मिले और इसके लिए भाजपा के लोग हरसंभव कोशिश कर रहे हैं कि कैसे भी करके दिल्ली में जल संकट हो।’’ आप नेता ने कहा कि दिल्ली को हरियाणा से पानी मिलता है और जब भाजपा शासित राज्य आवश्यक पानी नहीं देता है तो पानी की कमी हो जाती है। 

संजय सिंह बोले- हरियाणा से नहीं मिल रहा पर्याप्त पानी

उन्होंने कहा, "दिल्ली में पानी कम हो रहा है, क्योंकि हमें हरियाणा से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है और इसके परिणामस्वरूप दिल्ली में जल संकट पैदा हो गया है।" सिंह ने कहा कि दिल्ली को, उसका उचित हिस्सा देने के लिए हरियाणा सरकार से बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उसे उसका हक नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा, "हम हरियाणा के लोगों के लिए पानी का हिस्सा नहीं मांग रहे हैं, हम दिल्ली के हिस्से का पानी मांग रहे हैं, आप वह भी नहीं देना चाहते। दूसरी बात, जब हम उपराज्यपाल (दिल्ली) से शिकायत करते हैं, तो शिकायतों का समाधान करने के बजाय उपराज्यपाल अपने राजनीतिक बयान जारी करते रहते हैं।" 

संजय सिंह बोले- भाजपा जल संकट को बढ़ा रही है

आप नेता ने दावा किया कि भाजपा दिल्ली में पानी की समस्या को हल करने के लिए नहीं, बल्कि जल संकट को बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा, "यह संकट भाजपा के उपराज्यपाल, हरियाणा सरकार और भाजपा द्वारा प्रायोजित है। अगर दिल्ली को उसके हिस्से का पूरा पानी मिलने लगे तो पानी की समस्या कम हो सकती है। देश के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा दिल्ली की जनता के प्रति जवाबदेह हैं।" राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में पानी की किल्लत है। जलापूर्ति कम होने या न होने की वजह से लोग परेशान हैं तथा निजी जल टैंकर से पानी ले रहे हैं। 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।