1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi Air Pollution: दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब', बदतर हो सकते हैं हालात

Delhi Air Pollution: दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब', बदतर हो सकते हैं हालात

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 01, 2020 12:41 pm IST,  Updated : Dec 01, 2020 12:41 pm IST

दिल्ली में वायु गुणवत्ता मंगलवार को भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी रही और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण इस हफ्ते वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘गंभीर’ की श्रेणी में बने रहने की आशंका है।

Delhi Air Pollution- India TV Hindi
Delhi Air Pollution: दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब', बदतर हो सकते हैं हालात Image Source : PTI

नई दिल्ली: दिल्ली में वायु गुणवत्ता मंगलवार को भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी रही और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण इस हफ्ते वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘गंभीर’ की श्रेणी में बने रहने की आशंका है। मंगलवार सुबह नौ बजे तक शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 346 था। सोमवार को 24 घंटे का औसत सूचकांक 318 जबकि रविवार को यह 268 था।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच एक्यूआई ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच एक्यूआई ‘सामान्य’ 201 और 300 के बीच एक्यूआई ‘खराब’, 301 और 400 के बीच एक्यूआई ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ की श्रेणी में आता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम आठ किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। ठंडी हवाओं और कम तापमान के कारण प्रदूषक कण धरातल के निकट बने रहते हैं जबकि अनुकूल तेज हवाएं इन्हें छितरा कर अपने साथ उड़ा ले जाती हैं। केंद्र सरकार की दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने बताया कि प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ की श्रेणी में बने रहने की आशंका है और चार दिसंबर से सात दिसंबर के बीच इसके ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।