दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जारी है। 5 फरवरी को मतदान किया जाएगा। वहीं 8 फरवरी को चुनाव के परिणाम घोषित होंगे। इस बीच भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं। ऐसे में अब कांग्रेस नेता अजय माकन ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल फर्जीवल है और केजरीवाल एंटी नेशनल हैं। उन्होंने कहा कि आज मैं सबके सामने आप के पाप की पहली कड़ी रखना चाहता हूं। दिल्ली में एक ऐसे नेता हैं, जिन्होंने अपनी पार्टी इसलिए बनाई थी, ताकि वो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ सके। उस जमाने में केजरीवाल CAG के रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस पर आरोप लगाते थे।
अजय माकन ने केजरीवाल पर साधा निशाना
अजय माकन ने कहा कि इस वक्त सीएजी की 14 ऐसी रिपोर्ट हैं, जिसमें अरविंद केजरीवाल सरकार के ऊपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं, लेकिन अब वो रिपोर्ट सामने नहीं आ रही है। ऐसे में हम केजरीवाल से पूछना चाहते हैं कि इस रिपोर्ट में हेल्थ से जुड़े मामले में 382 करोड़ का घोटाला कैसे है। माकन ने कहा कि इंदिरा गांधी अस्पताल में 314 करोड़ रुपये और बुराड़ी अस्पताल में 41 करोड़ रुपये का फालतू खर्च हुआ है। वहीं नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, "कोई भी किसी प्रदेश आए और चुनाव प्रचार करें लेकिन आप सरकारी तंत्र का उपयोग करें, अभी मैंने एक फोटो SHO को भेजी थी जिसमें पंजाब पुलिस की गाड़ियों में AAP के कार्यकर्ता आ रहे हैं। तो ये गलत चीज है।"
संदीप दीक्षित ने आप पर साधा निशाना
उन्होंने कहा, "पंजाब पुलिस की गाड़ियां आपको एस्कॉर्ट करें ये कौन-सी राजनीति है? इसी के बारे में मैंने पहले भी शिकायत की थी मैं बार-बार उनसे कह रहा हूं कि इसकी जांच करें। पंजाब पुलिस की गाड़ियां तो दिल्ली में चुनाव के समय तो आनी ही नहीं चाहिए।" बता दें कि इससे पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि जिस तरह हिंसा भाजपा फैला रही है, पूरी दिल्ली से खबर आ रही है। मेरी खुद की विधानसभा में ये हो रहा है।