दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में हार के बाद अरविंद केजीरीवाल का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो मिनट आठ सेकेंड का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने बीजेपी को जीत की बधाई और जनादेश को स्वीकार किया। इसके साथ ही दिल्ली के लोगों की उम्मीदें पूरी होने की उम्मीद लगाई। उन्होंने यह भी कहा कि जब जनता ने 10 साल के लिए उन्हें सत्ता सौंपी थी तो दिल्ली के लोगों का जीवन बेहतर बनाने के लिए उन्होंने कई काम किए। अब उन्हें विपक्ष की जिम्मेदारी मिली है तो इसे भी बखूबी निभाएंगे।
केजरीवाल ने कहा कि वह राजनीति में सत्ता के लिए नहीं आए हैं। उनकी पार्टी का मानना है कि राजनीति लेकसेवा का एक जरिया है और सत्ता से बाहर रहकर भी आम आदमी पार्टी लोगों की सेवा कर सकती है। केजरीवाल ने अंत आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा "आपने बहुत अच्छा चुनाव लड़ा। आपको इस दौरान बहुत कुछ सहना पड़ा, लेकिन आपने पूरे मेहनत के साथ अच्छा चुनाव लड़ा। इसके लिए बधाई।"
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2015 और 2020 में 60 से ज्यादा सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी इस बार 22 सीटों पर सिमटती दिख रही है। सीएम आतिशी को छोड़कर पार्टी के सभी बड़े नेता चुनाव हार गए। आतिशी की सीट पर भी लंबे समय तक कांटे की टक्कर रही। अंत में उन्होंने बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को पराजित किया। वहीं, अरविंद केजरीवाल 4000 से ज्यादा वोट के अंतर से हार गए। मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को भी हार का सामना करना पड़ा। आप की हार में कांग्रेस और एआईएमआईएम का भी योगदान है। दो मुस्लिम बहुल सीटों पर ओवैसी की पार्टी और अन्य सभी सीटों पर कांग्रेस ने आप के वोट काटने का काम किया। इससे बीजेपी को फायदा मिला।
संपादक की पसंद