भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और दिल्ली विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि अरविंदर सिंह लवली सदन में ‘प्रोटेम स्पीकर’ की भूमिका निभाएंगे। ‘प्रोटेम स्पीकर’ अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष होते हैं, जो पूर्णकालिक अध्यक्ष के चुनाव तक सीमित समय के लिए सदन की कार्यवाही का संचालन करते हैं। गुप्ता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दिल्ली की जनता के जोश और जुनून के अनुरूप कदम दर कदम आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई है, जिसमें आगे की कार्यवाही कैसे आगे बढ़ेगी इस पर कुछ चर्चा हुई है।’’
क्या बोले विजेंद्र गुप्ता
‘प्रोटेम स्पीकर’ के सवाल पर गुप्ता ने कहा कि सदन की कार्यसूची शाम तक जारी कर दी जाएगी और यह भूमिका लवली अदा करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को 26 साल से अधिक समय के बाद दिल्ली में सरकार बनाई। रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी की नई मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में छह मंत्रियों ने भी शपथ ली। विजेंद्र गुप्ता के दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष बनने की संभावना है। बता दें कि दिल्ली में रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार पूरी तरह से एक्शन मोड में है।
दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र
बीजेपी के वादों को पूरा करने और पिछली सरकार के कार्यकाल की कमियों को दुरूस्त करने के लिए ताबड़तोड़ कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं इस बीच नए विधानसभा के पहले सत्र की तारीख भी आ गई है। 24 फरवरी से 27 फरवरी तक दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र चलेगा। 24 फरवरी सोमवार से शुरू होनेवाले विधानसभा सत्र में लंबित कैग रिपोर्ट पेश की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि सत्र 24, 25, 27 फरवरी को आयोजित किया जाएगा तथा आम आदमी पार्टी (आप) की पिछली सरकार के प्रदर्शन से जुड़ी 14 लंबित कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) रिपोर्ट सदन में पेश की जाएंगी।
(इनपुट-भाषा)