नई दिल्लीः दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आतिशी गुरुवार को पालम अग्निकांड पीड़ितों से मिलने पहुंचे। आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता जब पीड़ितों से मुलाकात कर रहे थे तो बीजेपी और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भिड़ गए। बीजेपी और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच में तीखी बहस हुई। दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। बहस के दौरान स्थानीय भाजपा विधायक कुलदीप और आम आदमी पार्टी के नेता सौरव भारद्वाज भी मौजूद थे।
केजरीवाल का आरोप- बीजेपी के लोग कर रहे गुंडागर्दी
दिल्ली के पूर्व CM और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुझे पता चला कि जब फायर ब्रिगेड यहां पहुंची तो उनकी सीढ़ियां काम नहीं कर रही थीं। अगर फायर ब्रिगेड ने समय पर कार्रवाई की होती, तो शायद जानें बचाई जा सकती थीं। मैं यहाँ पीड़ित परिवार से मिलने आया था। यहां बीजेपीके कार्यकर्ताओं और नेताओं ने गुंडागर्दी की। एक परिवार ने अपने 9 सदस्यों को खो दिया। उनके प्रति सहानुभूति दिखाने के बजाय, उन्होंने गुंडागर्दी शुरू कर दी है। बीजेपी को इतना नीचे गिरते देखकर मुझे दुख हो रहा है। वे लोगों को पीड़ित परिवार से मिलने नहीं दे रहे हैं। उन्हें धमकाया जा रहा है। यह बहुत दुख की बात है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि काफी तेज आग लगी थी। इसमें 9 लोगों की मौत हुई। यह राजेंद्र कश्यप जी का परिवार था। राजेंद्र कश्यप जी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता थे। जिस तरीके से मुझे पता चला कि फायर ब्रिगेड आई और उनकी लिफ्ट काम नहीं कर रही थी। अगर उन्होंने एक्शन लिया होता तो शायद उन लोगों को बचाया जा सकता था।
केजरीवाल ने की जांच की मांग
केजरीवाल ने कहा कि पूरी घटना की जांच होनी चाहिए और जांच होनी चाहिए कि फायर ब्रिगेड की मशीन काम क्यों नहीं कर रही थी। आग क्यों लगी और जो बीजेपी वालों ने किया उसकी हम निंदा करते हैं।
यहां देखें वीडियो