1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में 4 और इलाकों को कनटेंमेंट जोन से हटाया गया

दिल्ली में 4 और इलाकों को कनटेंमेंट जोन से हटाया गया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 15, 2020 11:11 pm IST,  Updated : May 15, 2020 11:11 pm IST

दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण कनटेंमेंट जोन (Containment Zone) घोषित किए गए 4 और इलाकों को शुक्रवार को इस सूची से हटा दिया गया है।

Coronavirus: Four more area de-contained today in Delhi- India TV Hindi
Coronavirus: Four more area de-contained today in Delhi Image Source : PTI

नई दिल्ली: दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण कनटेंमेंट जोन (Containment Zone)घोषित किए गए 4 और इलाकों को शुक्रवार को इस सूची से हटा दिया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस से मरने वालों की तादाद 123 हो गई है जबकि कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8,895 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली में 472 नये मामले आए थे जो एक दिन में सबसे अधिक हैं। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 से 123 लोगों की मौत हुई है। 

बुलेटिन के अनुसार, मृतकों के आंकड़े में उन लोगों को शामिल किया गया है जिनकी मौत की प्राथमिक वजह कोविड-19 है। ये आंकड़े विभिन्न अस्पतालों से मिली जानकारी के आधार पर मौतों की समीक्षा करने वाली समिति द्वारा तैयार रिपोर्ट के आधार पर जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली में मृतकों की संख्या 115 थी और 8,470 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार को 425 नये मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8,895 हो गई है।

दिल्ली में लॉकडाउन के उल्लंघन के लिये 2,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को लॉकडाउन के उल्लंघन के 55 मामले दर्ज किये गए और 2,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस द्वारा साझा किए गए आकंड़ों के अनुसार, शाम पांच बजे तक भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत 51 मामले दर्ज किये गए हैं। आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत 2,068 लोगों को हिरासत में लिया गया है जबकि धारा 66 के तहत 100 वाहन जब्त किये गए हैं। पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को 282 आवाजाही पास जारी किये गए हैं। उन्होंने कहा कि बिना मास्क पहने घरों से निकले लोगों के खिलाफ 14 मामले दर्ज किये गए हैं। दिल्ली पुलिस 24 मार्च से अब तक लॉकडाउन के उल्लंघन के लिये 1,65,635 लोगों को हिरासत में ले चुकी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।