1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में खूंखार तरीके से मर्डर, शख्स ने चापड़ से महिला का सिर धड़ से अलग किया, दूसरी महिला की उंगली काटी

दिल्ली में खूंखार तरीके से मर्डर, शख्स ने चापड़ से महिला का सिर धड़ से अलग किया, दूसरी महिला की उंगली काटी

 Reported By: Abhay Parashar Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 23, 2025 12:19 pm IST,  Updated : Sep 23, 2025 12:19 pm IST

दिल्ली के ख्याला इलाके में एक भयानक मर्डर हुआ है। शख्स ने धारदार हथियार से एक महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया और दूसरी महिला की उंगली काटी।

Delhi Murder- India TV Hindi
दिल्ली के ख्याला इलाके में एक भयानक मर्डर Image Source : REPRESENTATIVE PIC

नई दिल्ली: दिल्ली में ख्याला इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने खौफनाक तरीके से अपनी रिश्तेदार का मर्डर किया है। शख्स ने महिला पर चापड़ से हमला किया, जिससे महिला का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौत हो गई। इस हमले में 2 महिलाएं घायल भी हुई हैं, जिसमें एक महिला की उंगली भी कट गई है।

क्या है पूरा मामला?

दिल्ली के ख्याला इलाके से मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक शख्स ने अपने ही रिश्तेदारों पर चापड़ से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हैं। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि ख्याला इलाके में एक शख्स ने अपने रिश्तेदारों पर हमला कर दिया है। 

मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि आरोपी का नाम बब्बू खान है और वो घर में रहने वाली महिलाओं का रिश्तेदार है। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, आरोपी सुबह हथियार लेकर घर पहुंचा और ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद 50 साल की नुसरत पर चापड़ से हमला कर दिया। वार इतना खौफनाक था कि उनकी गर्दन धड़ से अलग हो गई। 

आरोपी ने 20 साल की लड़की की ऊंगली काटी

नुसरत को बचाने के लिए जब उनकी रिश्तेदार अकबरी आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। अकबरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इतना ही नहीं आरोपी ने घर की ही 20 साल की सानिया पर भी हमला किया और उसकी उंगली काट दी।  

चीख-पुकार सुनकर घर के बाकी लोग पहुंचे और बड़ी मुश्किल से आरोपी को काबू किया और उसे बाथरूम में बंद करके पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल घायल महिलाओं का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई है और लोग डरे हुए हैं। लोगों का कहना है कि आखिर एक शख्स इतना खूंखार कैसे हो सकता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।