सर्दी की शुरुआत के साथ ही राजधानी की आवो-हवा भी बदलने लगती है। पूरी दिल्ली की हवा जहरीली हो जाती है लेकिन इस साल थोड़ी राहत है। वायु प्रदूषण को लेकर दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार का सिलसिला लगातार जारी है। इस साल सितंबर महीने में दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 102 दर्ज किया गया, जो पिछले 5 वर्षों में सबसे कम है। सितंबर 2025 और 2024 में औसत AQI 105, 2023 में 108 और 2022 में 104 दर्ज किया गया था। मंत्रालय ने कहा कि 2026 में दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार का रुझान जारी है।
साफ हवा वाले दिनों में बढ़ोतरी
जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान दिल्ली में ऐसे दिनों की संख्या भी पिछले पांच वर्षों में सबसे ज्यादा रही, जब दैनिक औसत AQI 200 से नीचे रहा। इस श्रेणी को 'मध्यम' माना जाता है। इस अवधि में दिल्ली में कुल 194 दिन ऐसे रहे, जब AQI 200 से कम था। 2025 में ऐसे 187 दिन, 2024 में 188 दिन, 2023 में 193 दिन और 2022 में 146 दिन दर्ज किए गए थे।
खराब से गंभीर वाले दिनों में आई कमी
मंत्रालय के अनुसार, प्रदूषण के स्तर में आई गिरावट का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस साल केवल 79 दिन 'खराब से बेहद गंभीर' श्रेणी में दर्ज हुए, जो पिछले पांच सालों का सबसे निचला स्तर है। साल 2022 में ऐसे दिनों की संख्या 127 थी, जबकि 2024 और 2025 में यह संख्या 86-86 दिन रही थी। इस अवधि में बेहद खराब वायु गुणवत्ता वाले दिनों की संख्या में कमी दर्ज की गई है।
मंत्रालय ने बताया कि 1 जनवरी से 28 सितंबर 2026 के बीच दिल्ली में PM2.5 की औसत मात्रा भी 2022 के बाद के वर्षों में सबसे कम स्तरों में रही। इस दौरान PM2.5 का औसत स्तर 69 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। 2025 में भी यह आंकड़ा 69 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था। वहीं 2024 में 81, 2023 में 73 और 2022 में 80 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर PM2.5 दर्ज किया गया था।
सर्दियों की चुनौती के लिए CAQM तैयार
आगामी ठंड के मौसम को देखते हुए, जब मौसम की प्रतिकूल स्थितियों और अन्य कारणों से प्रदूषण बढ़ने की संभावना रहती है, CAQM ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंत्रालय का कहना है कि विभिन्न हितधारकों के साथ मिलकर प्रदूषण रोकथाम के उपायों को और कड़ा किया जाएगा ताकि दिल्ली-NCR के निवासियों को बेहतर हवा मिल सके।
मंत्रालय ने कहा कि 'वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग' (CAQM) दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण को रोकने, नियंत्रित, कम करने और हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रभावी उपाय करने के लिए विभिन्न संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम कर रहा है। मंत्रालय ने आगे कहा 'आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता की स्थिति को बेहतर बनाने के प्रयासों को और तेज किया जाएगा।'सरकार ने सर्दियों से पहले प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को लेकर समन्वित कार्रवाई पर भी जोर दिया है।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली के शाहदरा में निर्माण कार्य के दौरान ढहा मकान, मलबे में दबकर 1 की मौत, 2 घायल