1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. बुजुर्गों के बीच पहुंचीं दिल्ली की CM रेखा गुप्ता, कहा-'आपके चेहरे पर मुस्कान देखकर खुशी हुई'

बुजुर्गों के बीच पहुंचीं दिल्ली की CM रेखा गुप्ता, कहा-'आपके चेहरे पर मुस्कान देखकर खुशी हुई'

 Reported By: Bhaskar Mishra,  Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Sep 30, 2026 09:19 pm IST,  Updated : Sep 30, 2026 09:25 pm IST

दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने ‘हमारी संस्कृति हमारा अंदाज’ कार्यक्रम में बुजुर्गों के साथ समय बिताया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना और ‘वयो आनंद’ जैसी योजनाओं का जिक्र किया। कार्यक्रम में बुजुर्गों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी खूब आकर्षित किया।

Rekha Gupta Senior Citizens, Delhi CM Rekha Gupta, Vayo Anand Scheme- India TV Hindi
‘हमारी संस्कृति हमारा अंदाज’ कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता। Image Source : X.COM/GUPTA_REKHA

नई दिल्ली: नई दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में ‘हमारी संस्कृति हमारा अंदाज’ कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया। उन्होंने कहा कि इतने सारे बुजुर्गों को हंसते-खेलते और खुश देखकर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की डायरेक्टर किरण चोपड़ा की तारीफ करते हुए कहा कि वह बुजुर्गों को खुश रखने का काम कर रही हैं और उनका आशीर्वाद उनके साथ है। CM ने कहा कि सामाजिक कामों में इतने सारे हंसते-खेलते चेहरे कम ही देखने को मिलते हैं।

बुजुर्गों के लिए 10 लाख तक का इलाज

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार बुजुर्गों के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि 70 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना लागू की गई है। इसके तहत पात्र बुजुर्गों को 10 लाख रुपये तक का इलाज मिल सकता है। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने बुजुर्गों के लिए ‘वयो आनंद’ योजना भी शुरू की है। उन्होंने बताया कि इसके तहत बुजुर्गों के संगठनों को हर महीने 20 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।

‘जरूरत पड़ी तो ओल्ड एज होम भी बनाएंगे’

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार स्किल सेंटर के तहत बुजुर्गों की सेवा से जुड़ा एक नया कोर्स शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को इससे लाभ पहुंचेगा। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार जरूरत पड़ने पर ओल्ड एज होम भी बना सकती है। उन्होंने कहा कि अगर कोई संस्था या व्यक्ति ओल्ड एज होम चलाने के लिए आगे आता है तो सरकार इस दिशा में काम कर सकती है। इसी दौरान उन्होंने किरण चोपड़ा की ओर इशारा करते हुए कहा कि 'किरण जी से अच्छा ओल्ड एज होम चलाने वाला और कौन हो सकता है।'

22 साल से बुजुर्गों के लिए काम कर रहा क्लब

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की यात्रा भी बताई गई। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की स्थापना 1 अक्टूबर 2004 को पंजाब केसरी ग्रुप की डायरेक्टर किरण चोपड़ा ने की थी। क्लब की ओर से पिछले करीब 22 वर्षों से देश के कई राज्यों में बुजुर्गों की सेवा और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करने का काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में किरण चोपड़ा ने क्लब की अब तक की यात्रा और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

80-90 साल के बुजुर्गों ने किया डांस

कार्यक्रम का सबसे खास नजारा तब देखने को मिला, जब 80 और 90 साल की उम्र के बुजुर्ग कपल डांस करते नजर आए। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद क्लब से जुड़े बुजुर्गों ने अलग-अलग नृत्य प्रस्तुतियां दीं। मंच पर मौजूद बुजुर्गों के उत्साह ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा और माहौल खुशनुमा हो गया। कार्यक्रम में 80 साल की ‘डांसिंग दादी’ ने भी शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने ‘पीया तोसे नैना लागे रे’ गाने पर डांस किया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे। इसके बाद बुजुर्ग कपल्स ने डांस किया और अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।

बुजुर्गों की सेवा करने वालों का भी सम्मान

‘हमारी संस्कृति हमारा अंदाज’ कार्यक्रम में सिर्फ बुजुर्गों को ही सम्मानित नहीं किया गया, बल्कि बुजुर्गों की देखभाल और सेवा करने वाले लोगों को भी पुरस्कार दिए गए। इसमें बेस्ट सन, बेस्ट ब्रांच, बेस्ट फादर-इन-लॉ और बेस्ट दादी जैसे पुरस्कार शामिल रहे। इस पहल के जरिए परिवार में बुजुर्गों की सेवा और सम्मान करने वालों को भी मंच पर पहचान दी गई।

संगीता जेटली, बांसुरी स्वराज समेत कई हस्तियां पहुंचीं

कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अलावा संगीता जेटली, बांसुरी स्वराज, आशीष सूद और सोनल मान सिंह समेत कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। संगीता जेटली ने बेस्ट सन का अवॉर्ड दिया। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बेस्ट ब्रांच और बेस्ट दादी के पुरस्कार दिए। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना की पत्नी राज खुराना को भी बेस्ट दादी का अवॉर्ड दिया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।