1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: एयरपोर्ट, स्कूल और कई संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली: एयरपोर्ट, स्कूल और कई संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जांच में जुटी पुलिस

 Reported By: Kumar Sonu Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 28, 2025 02:53 pm IST,  Updated : Sep 28, 2025 03:22 pm IST

दिल्ली एयरपोर्ट, स्कूल और कई संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अब इस मामले में दिल्ली पुलिस जांच में जुट गई है। 20 सितंबर को भी दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।

Delhi Police- India TV Hindi
दिल्ली पुलिस Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली एयरपोर्ट, स्कूल और कई संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ये धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि दिल्ली पुलिस का कहना है कि अभी तक जांच में कुछ नहीं मिला है। 

20 सितंबर को भी मिली थी धमकी

कुछ दिन पहले 20 सितंबर को भी दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इस दौरान डीपीएस द्वारका, कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय को भी धमकी मिली थी। इसके बाद बम निरोधक दस्तों के साथ पुलिस की टीमों ने स्कूलों में गहन तलाशी ली थी।

एहतियात के तौर पर छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था लेकिन तलाशी में पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। यानी ये बम की धमकी फर्जी निकली थी।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकी

ये पहली बार नहीं है, जब एयरपोर्ट, स्कूल या हॉस्पिटल के लिए बम की धमकी मिली हो। इससे पहले भी दिल्ली में इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि हर बार ये धमकियां फर्जी मिली हैं। बंबई उच्च न्यायालय में भी हालही में धमकी दी गई थी लेकिन उस दौरान भी धमकियां फर्जी मिलीं।

जुलाई 2025 में भी मुंबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम की धमकी मिली थी। इस दौरान भी हड़कंप मच गया था। एयरपोर्ट की सुरक्षा में मौजूद सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड में आ गए थे और परिसर की तलाशी ली गई थी। हालांकि इस दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

इससे पहले 17-19 जुलाई 2025 को भी नवी मुंबई पुलिस आयुक्त और संयुक्त आयुक्त के कार्यालयों में कई धमकी भरे फोन आए थे। इस दौरान मुंबई-अहमदाबाद की उड़ान में बम होने और हवाई अड्डे पर विस्फोट करने की धमकी मिली थी। हालांकि जांच में ये धमकी फर्जी निकली और पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

यानी इससे पहले मिली धमकियों को लेकर ये सामने आया है कि हर बार ये अफवाह ही निकली है। फिर भी इस मामले को हल्के में नहीं लिया जा सकता क्योंकि ये एक गंभीर मामला है और जरा सी लापरवाही बड़ा नुकसान साबित हो सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।